बरेली: नगर निगम ने तीन दुकानें, बीडीए ने पांच मंजिला भवन किया सील
अमृत विचार, बरेली। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को तीन दुकानों को बकाया किराया न जमा करने पर सील कर दिया। इसे लेकर व्यापारियों और टीम से नोकझोंक भी हुई पर प्रवर्तन दल के दस्ते की सख्ती के बाद मामला शांत हो गया। सुबह राजस्व निरीक्षक खुशबू भारद्वाज, विवेक वर्मा, कर समाहर्ता नेत्रपाल और …
अमृत विचार, बरेली। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को तीन दुकानों को बकाया किराया न जमा करने पर सील कर दिया। इसे लेकर व्यापारियों और टीम से नोकझोंक भी हुई पर प्रवर्तन दल के दस्ते की सख्ती के बाद मामला शांत हो गया।
सुबह राजस्व निरीक्षक खुशबू भारद्वाज, विवेक वर्मा, कर समाहर्ता नेत्रपाल और नितीश अग्रवाल की टीम प्रधान डाकघर के पास दो टेंट हाउस की दुकानों को सील करने पहुंची। वहां दुकानदारों ने सीलिंग की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद प्रवर्तन दल और अतिक्रमण हटाने वाली टीम के प्रभारी जयपाल पटेल मौके पर पहुंचे।
प्रवर्तन दल के जवानों ने भीड़ को हटाया और दोनों दुकानें सील कर दीं। इसी तरह नावल्टी चौराहे पर एक दुकान सील की गई जबकि बीडीए ने नैनीताल रोड भोजीपुरा के पास रमपुरा माफी ग्राम को जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रासिंग से आगे करीब 20 हजार वर्ग मीटर भू-क्षेत्र पर प्राधिकरण की अनुमति के बिना एक हास्टल परिसर के अंदर करीब 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल पर पांच मंजिला भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम द्वारा उसे सील कर दिया गया।
