बरेली: महिला दरोगा ने मुखबिर को दे दी चोरी की बाइक, लूट में पकड़ा गया
बरेली, अमृत विचार। मुखबिरी की आड़ में कुछ अपराधी अपने काले कारनामों को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में पुलिस का एक मुखबिर चरस तस्करी में पकड़ा गया था वहीं अब एक मुखबिर लूट के मामले में गिरफ्तार हुआ है। जहां चरस तस्कर की पैरवी करने एक दरोगा थाने तक पहुंच गया था वहीं, …
बरेली, अमृत विचार। मुखबिरी की आड़ में कुछ अपराधी अपने काले कारनामों को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में पुलिस का एक मुखबिर चरस तस्करी में पकड़ा गया था वहीं अब एक मुखबिर लूट के मामले में गिरफ्तार हुआ है। जहां चरस तस्कर की पैरवी करने एक दरोगा थाने तक पहुंच गया था वहीं, लूटपाट में गिरफ्तार मुखबिर के पास से चोरी की बाइक बरामद हुई जो उसे एक महिला दरोगा ने दी थी।
मुखबिर ने बाइक पर काला रंग कराया और उसका प्रयोग लूटपाट की घटना में करने लगा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को महिला दरोगा के इस कारनामे का पता तो चला लेकिन विभाग की बात थी तो सब खामोश हो गए।
दिसंबर 2020 की शुरुआत में डीडीपुरम के एक निजी अस्पातल के बाहर से परतापुर के युवक की बाइक चोरी हो गई थी। कुछ दिनों बाद वह इज्जतनगर के एक अस्पताल के बाहर लावारिस हालत में मिली थी। लोगों की सूचना पर एक महिला दरोगा वहां गई और बाइक कब्जे में लेकर संजय नगर के अपने मुखबिर छोटू को सौंप दी। छोटू ने बाइक पर काला रंग कराया और लूटपाट की घटनाओं में उसका इस्तेमाल करने लगे।
30 दिसंबर को उसने शील चौराहे के पास लूटपाट की थी। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी छोटू और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में उसने थाने के लोगों को बताया कि उसे यह बाइक महिला दरोगा ने दी थी क्योंकि मामला स्टाफ का था इसलिए पुलिस ने इसे दबा दिया।
“अगर किसी महिला दरोगा ने चोरी की बाइक बदमाश या मुखबिर को सौंपी है तो यह अपराध की श्रेणी में आता है। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
