हल्द्वानी: हिप्नोटाइज कर उतरवाई सोने की चेन और अंगूठी, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत डॉ. प्रमोद चंद्र गुरुरानी की चेन और अंगूठी उड़ाने के मामले में एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने रविवार को खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से चेन और अंगूठी बरामद कर ली है। खुलासे के बाद पुलिस …

हल्द्वानी,अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत डॉ. प्रमोद चंद्र गुरुरानी की चेन और अंगूठी उड़ाने के मामले में एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने रविवार को खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से चेन और अंगूठी बरामद कर ली है। खुलासे के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मंगला कालोनी तल्ला लोहरियासाल ऊंचापुल निवासी और स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत डॉ. प्रमोद चंद्र गुरुरानी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि गुरुवार की दोपहर वह घर के बाहर टहल रहे थे। इस दौरान बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें सम्मोहित कर उनकी चेन और अंगूठी उड़ा ली थी।

बाइक सवारों का कहना था कि उन्हें अपने बेटे की शादी के लिए ऐसी ही चेन और अंगूठी बनानी है। फोटो खींचने के बहाने उनकी चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस को मामले की तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की गयी थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रविवार को पुलिस ने आरोपियों को हेड़ाखान मंदिर के पास मुख्य सड़क से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में उन्होंने अपना नाम राजनगर पीएसी 38 बीएन गेट के सामने हरदूवागंज अलीबढ़ निवासी विनोद कुमार शर्मा पुत्र संपूर्णानंद शर्मा और डोहरिया बिथरी चैनपुर बरेली निवासी कालीचरण पुत्र रामचंद्र बताया। पुलिस ने उनके पास से सोने की चेन और अंगूठी बरामद कर ली है। वहीं, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। एसएसपी प्रियदर्शनी ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

बाइक पर यूपी पुलिस का कलर लगा
हल्द्वानी। पुलिस के मुताबिक, घटना में प्रयुक्त (संख्या यूपी 25 सीए 3347) में आगे पीछे यूपी पुलिस का कलर लगा हुआ है। इससे घटना को अंजाम देने में आरोपी को मदद मिला करती थी।

पुलिस में भर्ती नहीं हुआ तो बना ठग
हल्द्वानी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद कुमार शर्मा हाईस्कूल फेल है। पुलिस लाइन के बगल में इसका घर है और बचपन से ही पुलिस में आने का शौक था लेकिन पढ़ाई पूरी न होने के कारण भर्ती न हो सका। बताया गया कि कुछ रिश्तेदार यूपी पुलिस में है। जानकारी करने पर पता चला कि विनोद पिछले 35 साल से लोगों के सोने-चांदी की ठगी कर रहा है।

इन जगहों पर दिया वारदात को अंजाम
हल्द्वानी।पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद अब तक कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। विशेष रूप से कानपुर, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, मथुरा, आगरा, संभल, सहारनपुर और उत्तराखंड में हरिद्वार, देहरादून और हल्द्वानी में ठगी की गयी है।

टीम में यह रहे शामिल-
हल्द्वानी। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील कुमार, उप निरीक्षक महेश जोशी, त्रिभुवन जोशी, निर्मल सिंह लटवाल, विरेंद्र रावत, नरेंद्र राणा, रमेश चंद कांडपाल मौजूद रहे।

कैसे इन ठग की बातों में न आएं-
पहले तो अंजान से बात करने से बचें
बात करें भी तो टू-द-प्वाइंट बात करें
सोने-चांदी से संबंधित किसी चीज को भी न दिखाएं
चीज दिखाने को लेकर बार-बार कहा जाए तो वहां से हट जाएं
घर के आसपास हो तो परिजनों को आवाज लगा दें

संबंधित समाचार