बरेली: सीएआरआई इज्जतनगर में गणतंत्र दिवस पर किया गया ध्वजारोहण
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्र के 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर के नवनियुक्त निदेशक डॉ. अशोक कुमार तिवारी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के सभी वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों तथा उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज ही के दिन हमारे देश …
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्र के 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर के नवनियुक्त निदेशक डॉ. अशोक कुमार तिवारी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के सभी वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों तथा उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज ही के दिन हमारे देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी ने 1950 में इरविन स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भारतीय गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक जन्म की घोषणा की थी।
इसके बाद संस्थान की गत वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सन् 2020 कोरोना महामारी के बावजूद भी संस्थान अपनी उपलब्धियों से बहुत दूर नहीं रहा। संस्थान के वैज्ञानिकों व कर्मचारियों ने इस आपदा में भी अपनी उच्च कर्मठता का परिचय दिया। बीते वर्ष में संस्थान को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत भारत सरकार के पशु एवं मत्यस्य पालन मंत्रालय नई दिल्ली से 6.5 करोड़ की परियोजना स्वीकृत हुई है, जिसमें संस्थान में 1 एकड़ क्षेत्र में विकसित गिरी ग्राम तकनीकी पार्क परियोजना के मॉडल पर आधारित इस परियोजना के अंतर्गत देश के सात विभिन्न भागों में इसी तरह के मॉडल विकसित किए जाने हैं।

संस्थान द्वारा अनुसूचित जाति तथा जनजाति परियोजनाओं के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के गरीब किसानों की आमदनी बढ़ाने हेतु प्रशिक्षण के बाद मुर्गी के चूजे वितरित किए गए। कुक्कुट पालकों को 17 ऑन केंपस व ऑफ कैम्पस प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कुक्कुट पालन के विभिन्न विषयों में प्रशिक्षित किया गया। ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
इस कोरोना काल के समय मे संस्थान ने कोविड-19 की गाइडलाइन को ध्यान मे रखते हुए वर्चुअल ट्रेनिंग प्रोग्राम की शुरूआत की, जिससे संस्थान देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं व किसानों तक पहुचने मे सफल हुआ। संस्थान द्वारा गत वर्ष कुक्कुट की विभिन्न प्रजातियों के लगभग 60,000 चूजों की आपूर्ति की गई। संस्थान ने पिछले वर्ष पोल्ट्री सिमेन डाइल्यूएंट तकनीकी पर एक पेटेंट हासिल किया है।
इसके अतिरिक्त निदेशक महोदय ने आने वाले वर्षों में चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिकों व कर्मचारियों को शोध व प्रसार कार्य करने के लिए अपील की। ताकि संस्थान राष्ट्र के विकास में योगदान कर सके। बदलते जलवायु परिवेश को ध्यान में रखते हुए शोध कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह के दौरान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार एवं प्रभारी प्रशासनिक अधिकारी इरफान अली खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पहले विजय कुमार गुप्ता, जयदीप अरोड़ा एवं कु. नैंसी मिश्रा ने राष्ट्र भक्ति से संबंधित कविताएं एवं गीत प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर संस्थान से सेवानिवृत्त पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ एम.सी. कटारिया, पूर्व वैज्ञानिक राम गोपाल, पूर्व सहायक प्रशासनिक अधिकारी शिव कुमार सक्सेना, हरीश चंद्र सक्सेना, तकनीकी अधिकारी हरीश कुमार सागर, मोहम्मद अनीस खान आदि भी मौजूद थे। स्टाफ वेलफेयर क्लब के सौजन्य से मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन क्लब के सचिव पारसनाथ यादव ने किया।
