मुरादाबाद: साले ने सुपारी देकर कराई थी प्रापर्टी डीलर की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। गलशहीद थाना पुलिस ने 22 दिसंबर को हुई प्रापर्टी डीलर की हत्या के रहस्य से पर्दाफाश कर दिया है। हत्या का पूरा ताना-बाना उसके साले ने बुना था। प्रापर्टी डीलर ने करीब 15 साल पहले उसकी बहन को भगाकर निकाह कर लिया था। कुछ साल पहले प्रापर्टी डीलर ने साले पर जानलेवा हमला …

मुरादाबाद,अमृत विचार। गलशहीद थाना पुलिस ने 22 दिसंबर को हुई प्रापर्टी डीलर की हत्या के रहस्य से पर्दाफाश कर दिया है। हत्या का पूरा ताना-बाना उसके साले ने बुना था। प्रापर्टी डीलर ने करीब 15 साल पहले उसकी बहन को भगाकर निकाह कर लिया था। कुछ साल पहले प्रापर्टी डीलर ने साले पर जानलेवा हमला भी करावाया था। रीढ़ पर गोली लगने के कारण अभी तक उसका उपचार चल रहा है। इसी रंजिश में उसने अपने दोस्तों को पांच लाख रुपए की सुपारी देकर हत्या करने के लिए राजी किया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।

हत्या की यह वारदात 22 दिसंबर को गलशहीद थाना क्षेत्र में ईदगाह रोड पर क्रिसेंट शादी हाल के पास हुई थी। मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला हाफिज बन्ने की पुलिया निवासी मशरूर पुत्र जमील प्रापर्टी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी रेशमा और तीन बच्चे इकरा, गुलरेज व आयरा हैं। वारदात की रात वह बेटे गुलरेज की तबीयत खराब होने पर मशरूर दवा लेने के लिए गलशहीद थाना क्षेत्र में एक मेडिकल पर गए थे। दवा लेकर वापस आते वक्त जैसे ही वह क्रिसेंट शादी हाल के पास पहुंचे तो कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने सिर पर सटाकर गोली मारकर मशरूर को मौत के घाट उतार दिया था। प्रापर्टी डीलर की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था। इस मामले में मृतक के भाई सरवर की ओर से गलशहीद थाने में उसके साले शब्बू उर्फ शोएब व इस्माइल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

पांच लाख रुपए देकर कराई हत्या
करीब सवा महीने बाद पुलिस ने हत्या के रहस्य से खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने मुगलपुरा थाना क्षेत्र के लालबाग नवाबपुर रोड निवासी रिजवान, मोहल्ला हाफिज बन्ने की पुलिया निवासी मुल्ला इस्मालइ व नागफनी थाना क्षेत्र के लालबाग रोड कहारो का मंदिर निवासी गुलाम अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। खुलासा करते हुए एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि हत्या का पूरा ताना-बाना मशरूर के साले मुगलपुरा थाना क्षेत्र के प्रिंस रोड निवासी शब्बू उर्फ शोएब ने बुना था। दरअसल करीब 15 साल पहले मशरूर उसकी बहन को भगा ले गया था। बाद में निकाह करने के बाद उसके घर के पास ही रहने लगा। जिस कारण दोनों के बीच रंजिश बढ़ गई और मुकदमेबाजी शुरू हो गई। कुछसाल पहले शब्बू उर्फ शोएब पर जानलेवा हमला हुआ था।

गोली उसकी पीठ की रीढ़ की हड्डी पर लग गई थी। जिस कारण वह चल-फिर नहीं सकता और उसका अभी तक उपचार चल रहा है। इसी रंजिश में उसने अपने दोस्त रिजवान व मुल्ला इस्माइल को मशरूर की हत्या करने के लिए पांच लाख की सुपारी दी। इसके बाद दोनों ने इलाहाबाद के थाना दमगढ़ा निवासी आशू उर्फ अकील को तीन लाख रुपए दिए। घटना के दिन गुलाम और आशू ने मशरूर का पीछा किया और मौका मिलने पर गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में आशू फरार है, जबकि उपचार होने के कारण विधिक राय लेकर शब्बू और शोएब को गिरफ्तार किया जाएगा। हत्थे लगे तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।

साले से ही नहीं कई से चल रही थी मशरूर की रंजिश
प्रापर्टी डीलर मशरूर की हत्या का खुलासा करने में जुटी पुलिस को कई चौकाने वाली जानकारी दी है। जांच में मालूम हुआ कि मशरूर की केवल अपने साले से ही नहीं बल्कि कई लोगों से रंजिश चल रही थी। इस रंजिश में कई हत्याएं हुईं, यहां तक कि मशरूर के हाथ भी इस रंजिश में खून से सन गए थे। इतना ही नहीं बढ़ती रंजिश के कारण पहले भी मशरूर व उसके भाई पर जानलेवा हमला कर चुका था।

पुलिस लाइन में खुलासा करते हुए एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मशरूर और उसके भाई सरवर की कई लोगों से रंजिश चल रही थी। दरअसल मशरूर का बड़ा भाई जहीरा बदमाश व हेकड़ किस्म का था। जिस कारण उसकी हत्या हो गई थी। इस हत्या में डा. अथर का नाम प्रकाश में आया। जिस पर दोनों भाइयों ने मौका मिलने पर डा. अथर की हत्या कर दी। इस वारदात के दोनों की रंजिश बढ़ गई। नतीजा यह रहा है कि डा. अथर की हत्या के बाद मशरूर के पिता जमील व बाद में उसके दोस्त ताज की हत्या कर दी गई। ताज की हत्या में अथर के करीबी रहे मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुईया बाग निवासी सुभान का नाम सामने आया।

सुभान ने ताज के परिजनों पर समझौते का दबाव भी डाला, वह राजी भी हो गए लेकिन बीच में मशरूर आ गया। बकौल एसएसपी, मोहल्ला बरबालान में गुड्डू अंसारी की हत्या में भी सुभान का नाम सामने आया था। इस मामले में भी मशरूर ने समझौता नहीं होने दिया, नतीजा सुभान को सजा हो गई और वर्तमान में नैनी जेल में हैं। जिस कारण सुभान के परिजन उससे रंजिश मानने लगे और दोनों भाइयों पर कई बार जानलेवा हमला करवाया, पर वह बच गए। इस बीच मशरूर की एक अन्य बदमाश भोला से भी रंजिश हो गई। मशरूर के द्वारा पैरवी करने पर भोला को भी सजा हो गई। इधर मशरूर के साले शब्बू उर्फ शोएब पर हुए जानलेवा हमले में वसीम व समीर के नाम सामने आए थे। जिस मामले में वसीम को जेल हुई थी, जेल से बाहर आने के बाद वसीम का भी मर्डर हो गया था। इसके बाद वसीम का सौतेला भाई इस्माइल भी मशरूर से रंजिश मानने लगा था। इसी का फायदा उठाते हुए शब्बू ने इस्माइल व सुभान के भतीजे रिजवान को इस साजिश में शामिल कर लिया।

तमंचा व एक लाख रुपए बरामद
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से एक लाख पांच हजार रुपए और तमंचा बरामद किया गया है। उनका यह दावा है कि बरामद रकम सुपारी की है। जबकि वारदात में प्रयुक्त तमंचा आरोपी आशू अपने साथ लेकर फरार हो गया है।

 

 

 

 

संबंधित समाचार