पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने वाला है बजट: अमित शाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पेश आम बजट को आत्मनिर्भर भारत, पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प का मार्ग प्रशस्त करने वाला बजट करार दिया है। अमित शाह ने संसद में पेश किए गए आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते ट्विटर पर कहा,“ …

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पेश आम बजट को आत्मनिर्भर भारत, पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प का मार्ग प्रशस्त करने वाला बजट करार दिया है।

अमित शाह ने संसद में पेश किए गए आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते ट्विटर पर कहा,“ कोरोना महामारी में इस वर्ष का बजट बनाना निश्चित रूप से एक जटिल काम था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक सर्वस्पर्शी बजट पेश किया है। यह आत्मनिर्भर भारत, पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था, किसानों की आय दोगुना करने के संकल्प का मार्ग प्रशस्त करेगा।”

उन्होंने कहा, “ कोरोना महामारी के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था रिसेटिंग मोड में है, मुझे विश्वास है कि यह बजट भारत को इस अवसर का इस्तेमाल करके वैश्विक परिदृश्य में मजबूती से उभरने में सहायक होगा और भारत दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनेगा।” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा,“ कोरोना महामारी के दौरान ही भारत ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में लम्बी छलांग लगाई है। इस बजट में “प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत” योजना 64,180 करोड़ के निवेश के साथ लायी गई है, जिससे गांव-गांव तक हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर व स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचेंगी।

उन्होंने कहा, “ हमारे संवेदनशील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कोरोना वैक्सीनेशन के लिए 35,000 करोड़ के फंड की घोषणा की है। यह भारत को कोरोना मुक्त बनाने के लिए मोदी जी की संकल्प शक्ति को दर्शाता है। मैं इसके लिए मोदी जी को धन्यवाद व्यक्त करता हूं।” उन्होंने कहा, “ किसानों की आय को दोगुना करने के लिए अनेकों प्रयास किये गए है, इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए…लागत से डेढ़ गुना एमएसपी सुनिश्चित करना मोदी सरकार की कटिबद्धता को दर्शाता है।”

अमित शाह ने कहा, “ मोदी सरकार ने देश के किसानों को सुलभ ऋण प्रदान करने के लिए इस वर्ष के बजट में उनके लिए 16.5 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। साथ ही माइक्रो इरीगेशन फंड को दोगुना किया गया है, जिससे कृषि क्षेत्र को बल मिलेगा। देश में पांच कृषि हब भी बनाए जाएंगे।”

आत्‍मनिर्भर भारत की संकल्‍पना को साकार करेगा बजट: आनंदी बेन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को केंद्र सरकार के बजट की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल में विकासोन्मुख एवं व्यवहारिक बजट प्रस्तुत किया गया है, जिसमें एमएसएमई क्षेत्र के लिए 15,700 करोड़ रुपये का प्रावधान भारतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ ही रोजगार के नए अवसर के द्वारा प्रधानमंत्री के “आत्मनिर्भर भारत” की संकल्पना को साकार करेगा। जारी विज्ञप्ति के मुताबिक राज्‍यपाल ने कहा कि यह बजट भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनायेगा क्योंकि प्रस्तुत बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है जिसमें कृषक कल्याण, आत्मनिर्भर भारत, सबका साथ-सबका विकास एवं स्वस्थ भारत-स्वच्छ भारत का संकल्प स्पष्ट दिखाई देता है।

आम बजट, मजबूत भारत का निर्माण करेगा: उप मुख्यमंत्री शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने केन्द्र सरकार द्वारा पेश आम बजट को आत्मनिर्भर भारत का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट ऐसे आत्मनिर्भर व मजबूत भारत का निर्माण करेगा जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर को राह दिखाएगा। डॉ. शर्मा ने कहा कि यह गरीब, महिला, किसान व नौजवान सहित समाज के हर वर्ग का बजट है, इसमें समावेशी विकास की बात की गई है। डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री शिक्षा की गुणवत्ता के लिए सदैव कटिबद्ध रहे हैं, केन्द्र सरकार के बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए कि गए प्रावधान, इसकी झलक देती हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में शिक्षा क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार के लिए 15,000 स्कूलों को आदर्श स्कूलों के रूप में विकसित करने का संकल्प किया गया है, इसके साथ ही 100 नए सैनिक स्कूलों का निर्माण भी शिक्षा क्रान्ति ही है।

आत्मनिर्भर भारत का बजट: विजय रूपाणी
गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने केंद्रीय बजट को आत्मनिर्भर भारत का बजट क़रार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों और उद्योगों के लिए फ़ायदेमंद तथा नवाचार और शोध एवं विकास को बढ़ावा देने वाला है। मुख्यमंत्री रूपाणी ने ट्वीट संदेशों के ज़रिए कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए समर्पित मोदी सरकार ने बजट में किसानों को पर्याप्त कर्ज उपलब्ध कराने, सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने और किसानों को आधारभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में 75 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को आयकर रिटर्न भरने से छूट उनके जीवन को आसान बनाने वाला क़दम है।

सुस्त अर्थव्यस्था को गति दे सकता है केंद्रीय बजट: येदियुरप्पा
बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि पेश बजट में अर्थव्यवस्था का पुनरुत्थान करने की क्षमता है। येदियुरप्पा ने कहा कि उनका दृढ़ विश्वास है कि बजट कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई अर्थव्यवस्था के लिए ”गतिवर्धक” का काम करेगा। उन्होंने कहा कि महामारी के बीच इससे बेहतर बजट की उम्मीद करना असंभव है। येदियुरप्पा ने इस बजट को गरीब और मध्यमवर्ग के अनुरूप बताया। उन्होंने कहा, ”बेंगलुरु मेट्रो परियोजना के लिए 14,778 करोड़ रुपए की राशि की घोषणा की गई… इसकी मदद से 58 किलोमीटर का नया मार्ग बनाया जा सकता है। यह हमारी अपनी वित्त मंत्री द्वारा कर्नाटक के लिए सबसे बड़ा तोहफा है।”

पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने बजट की प्रशंसा की
पुडुचेरी। पुडुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने बजट की सराहना की और कहा कि ‘यह सभी नजरिए से स्वस्थ बजट है।” पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने बजट का स्वागत करते हुए एक संदेश में कहा, “यह बाधाओं को दूर करता है और सामाजिक, आर्थिक तथा पर्यावरणीय रूप से जीवन की गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करने में काफी सहूलियतें प्रदान करता है।” उन्होंने कहा, ” स्वस्थ राष्ट्र से धनी और रचनात्मक राष्ट्र बनने का रास्ता प्रशस्त होगा।”

संबंधित समाचार