पीलीभीत: दो बाइकों की भिड़ंत में तीन की मौत, तीन घायल
गजरौला(पीलीभीत), अमृत विचार। दो बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कस्बा पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी 30 वर्षीय रविन्द्र …
गजरौला(पीलीभीत), अमृत विचार। दो बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कस्बा पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी 30 वर्षीय रविन्द्र सक्सेना पुत्र अशोक कुमार सक्सेना मोहल्ले के ही 18 वर्षीय ओम शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा के साथ अपनी बुआ रूद्रपुर निवासी मुन्नी देवी के यहां गया था। बुआ के घर से वह रूद्रपुर के ग्राम लालपुर पहुंचा। लालपुर में उसके चाचा प्रदीप रहते हैं। चचेरे भाई सात वर्षीय शरद ने साथ चलने की जिद की तो उसे भी बाइक पर बैठाकर पूरनपुर रवाना हुआ।
नेशनल हाईवे पर खाग सराय पुलिया के समीप उसकी बाइक सामने से आ रही अन्य बाइक से टकरा गई। दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। रविन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ओम शर्मा एवं शरद गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार कांशीराम कालोनी निवासी 27 वर्षीय विक्की पुत्र नत्थूलाल, आठ वर्षीय हसन पुत्र हनीफ की भी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 10 वर्षीय आदर्श शर्मा उर्फ छोटू पुत्र रमेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। गजरौला पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जबकि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
