बरेली: शहीदों के परिवार के साथ मनाया गया चौरी चौरा कांड का शताब्दी महोत्सव
अमृत विचार, बरेली। गुरुवार को चौरी चौरा कांड का शताब्दी महोत्सव मनाया गया। शहर के तमाम स्मारकों में स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। मुख्य रूप से पुराना जिला कारागार स्थित खान बहादुर खान समाधि स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया …
अमृत विचार, बरेली। गुरुवार को चौरी चौरा कांड का शताब्दी महोत्सव मनाया गया। शहर के तमाम स्मारकों में स्थित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।
मुख्य रूप से पुराना जिला कारागार स्थित खान बहादुर खान समाधि स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। इसी के साथ कई कार्यक्रम भी किए गए। स्कूलों से पहुंच बच्चों के बीच प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया गया।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में राष्ट्रगीत वंदेमातरम को दर्ज कराने के लिए सभी स्कूलों में एक साथ गाया गया।
इस मौके पर मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को हमें उसके वास्तविक अर्थों में समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चौरी चौरा घटना के बाद अंग्रेजों का दमन चक्र चला था। देश की जो इतनी बुलंद इमारत खड़ी है उसकी बुनियाद के बारे में भी सेचना चाहिए। इसमें कितने सेनानियों का बलिदान शामिल है। इस पर डीएम नितीश कुमार ने कहा कि हमें उन आदर्शों को सदैव याद रखना होगा जिनके तहत हम सबको स्वतंत्रता प्राप्त हुई है।
उन आदर्शों को जीवित रखना सबसे महत्वपूर्ण है। इसके बाद कमिश्नर और डीएम ने खान बहादुर खान की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों, शहीद खान बहादुर खान के वंशज सफन खान, लियाकत खां, शहीम, पंकज अरोड़ा के माता-पिता श्याम सुंदर अरोड़ा, प्रेमलता अरोड़ा, कृष्ण मुरारी असर की पत्नी उर्मिला असर, शहीद दीनदयाल की पत्नी उषा देवी, शहीद सिपाही अनिल कुमार सिंह की पत्नी सुशीला देवी, नायक शमसहाय मिश्रा की पत्नी लीलावती, सिपाही कप्तान सिंह की पत्नी सुहागा देवी आदि को स्मृति चिन्ह व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, मुख्य विकास अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, अपर जिला अधिकारी विशु राजा, डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह, बीएसए विनय कुमार आदि लोग मौजूद रहे। इससे पहले प्रभात फेरी का भी आयोजन हुआ।
इनका भी हुआ माल्यार्पण
गांधी उद्यान बरेली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बुद्ध पार्क गांधी में गौतम बुद्ध, शहीद हेमू कलीन, गोविंद बल्लभ पंत, राम मनोहर लोहिया, चौधरी चरण सिंह, सेठ दामोदर स्वरूप, जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल, स्वामी विवेकानन्द, डॉ. भीमराव अम्बेडकर, लाल बहादुर शास्त्री, सत्यप्रकाश, रानी अवंतीबाई, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, चिरौंजी लाल गुप्त, वीर शिवाजी, प्रताप चन्द्र बारहट आदि महापुरुषों के स्मारक पर माल्यार्पण किया गया।

आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में हुआ चौरी चौरा महोत्सव
छावनी स्थित आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में गुरुवार को चौरी चौरा महोत्सव वर वंदे मातरम गीत का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। साथ ही एकल गायन में शिक्षक एन पांडेय एवं छात्र में बादशाह ने प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक केसी सती, शिक्षक श्रीधर शुक्ला, शिक्षिका वंदना मिश्रा समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
