कोविड-19 मरीजों से अधिक शुल्क वसूलने वाले निजी अस्पतालों का होगा हिसाब, चलाया जाएगा अभियान
मुंबई। महाराष्ट्र में स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठन एवं कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को कहा कि सरकारी आदेशों का उल्लंघन कर कोविड-19 मरीजों से अधिक शुल्क वसूलने वाले निजी अस्पतालों के खिलाफ 15 दिन लंबा एक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का नाम “जन आरोग्य अभियान” होगा, …
मुंबई। महाराष्ट्र में स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठन एवं कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को कहा कि सरकारी आदेशों का उल्लंघन कर कोविड-19 मरीजों से अधिक शुल्क वसूलने वाले निजी अस्पतालों के खिलाफ 15 दिन लंबा एक अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान का नाम “जन आरोग्य अभियान” होगा, जो अगले हफ्ते से शुरू होगा। सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ अभय शुक्ला ने बताया, ” इसका मकसद बीते एक साल में कोविड-19 के मरीजों के उपचार के दौरान सरकारी आदेशों और नियमों के गंभीर उल्लंघन को लेकर सरकारी अधिकारियों पर दबाव बढ़ाना है।
उन्होंने कहा, ” हमारा अभियान अगले हफ्ते शुरू होगा और 15 दिन चलेगा। इसमें सोशल मीडिया मुहिम भी शामिल है, जिसके तहत राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और इस क्षेत्र के अन्य हितधारकों के सोशल मीडिया अकांउट टैग किए जाएंगे।” इस अभियान के तहत उन लोगों के आंकड़े जुटाए जाएंगे जिनसे महामारी के दौरान निजी अस्पतालों द्वारा अधिक शुल्क वसूला गया है। शुक्ला ने बताया कि इस अभियान के दौरान अधिक शुल्क वसूले गए मामले उठाए जाएंगे और लोगों को स्वास्थ्य देखभाल के अधिकारों के बारे में संवेदनशील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि सरकार इस तरह के कदाचार में शामिल अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
