बरेली: अंधेरा होते ही कैंट की सड़कों पर निकल आते हैं बाइक सवार लुटेरे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कैंट में ठिरिया के लुटेरे लगातार मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दे रहे हैं। बीते चार माह में यहां तमाम लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। पीड़ितों ने पुलिस से इसकी शिकायत की लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की जगह उनसे मोबाइल गिरने की गुमशुदगी लिखवा कर खानापूर्ति कर देती है। …

अमृत विचार, बरेली। कैंट में ठिरिया के लुटेरे लगातार मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दे रहे हैं। बीते चार माह में यहां तमाम लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। पीड़ितों ने पुलिस से इसकी शिकायत की लेकिन पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की जगह उनसे मोबाइल गिरने की गुमशुदगी लिखवा कर खानापूर्ति कर देती है।

युगवीणा से लेकर पहलवान बाबा की मजार के बीच में अंधेरा होने के बाद लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि पुलिस इस तरह से लूट की घटनाओं को छुपाएगी तो किसी दिन कोई बड़ी घटना घट सकती है।

केस एक
छात्रा पर ताना तमंचा और लूट लिया मोबाइल
कैंट सदर बाजार निवासी विनोद कन्नौजिया ने बताया कि वह इलेक्ट्रीशियन हैं और उनकी बेटी साक्षी कन्नौजिया बीएससी की छात्रा हैं। रविवार को भी वह रोज की तरह बच्चों को कोचिंग पढ़ाकर लौट रही थी। इसी दौरान युगवीणा लाइब्रेरी पास बाइक से पीछे से आए दो लड़कों ने उसका मोबाइल लूट लिया। साक्षी ने पीछा किया तो आरोपियों ने उस पर तमंचा तान दिया। इससे वह डर गई और बदमाश मोबाइल लूटकर फरार हो गए। इसके बाद से पुलिस सड़क किनारे लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। बताया जाता है लूट करने वाले बदमाश बुलेट से आए थे।

केस दो
दस दिन पहले हर्ष से लूटा था मोबाइल
दस दिन पहले सदर कैंट के रहने वाले हर्ष रात में युगवीणा के पास से आ रहे थे। उसी समय बाइक सवार दो लड़के वहां पर आए और उनका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को लूट की शिकायत की लेकिन पुलिस ने उनसे मोबाइल गिरने की शिकायत लेकर मामले को रफादफा कर दिया।

केस तीन
मोबाइल लूटने की रिपोर्ट नहीं की गई दर्ज
कैंट के सदर के रहने वाले जफर अहमद कुछ दिन पहले युगवीणा के पास घूम रहे थे। इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत कैंट पुलिस से की लेकिन पुलिस ने उसकी भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। नया नंबर लेने के लिए उसने पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर सौंपी।

यदि मोबाइल लूट की घटनाएं हो रही हैं तो पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश करनी चाहिए। यदि किसी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है तो इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार