बरेली: निजी में नहीं होगे पैसे बेकार, मुफ्त कोचिंग से पाएंगे रोजगार
बरेली, अमृत विचार। आईएएस, आईपीएस, पीसीएस, नीट, बैंकिंग जैसी तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्र या अभ्यर्थी अपने घर से सैकड़ों दूर जाकर लाखों रुपये खर्च करते हैं और कई आर्थिक रूप से कमजोर होने की वजह से तैयारी ही नहीं कर पाते हैं। कई तो महंगी कोचिंग करने के बावजूद भी सफल …
बरेली, अमृत विचार। आईएएस, आईपीएस, पीसीएस, नीट, बैंकिंग जैसी तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्र या अभ्यर्थी अपने घर से सैकड़ों दूर जाकर लाखों रुपये खर्च करते हैं और कई आर्थिक रूप से कमजोर होने की वजह से तैयारी ही नहीं कर पाते हैं। कई तो महंगी कोचिंग करने के बावजूद भी सफल नहीं हो पाते हैं लेकिन अब न तो उन्हें अपनों से दूर अनजान शहर में जाना पड़ेगा और न ही महंगी रकम खर्च करनी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री की अभ्युदय योजना के तहत आईएएस-आईपीएस जैसे अधिकारियों के साथ विषयों के एक्सपर्ट अपने ही शहर में मुफ्त कोचिंग देंगे। बरेली मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज में मुफ्त स्मार्ट क्लासेस 16 फरवरी यानी बसंत पंचमी से शुरू हो जाएगी।
10 फरवरी से मुफ्त कोचिंग के लिए वेबसाइट यानी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो जाएंगे। मंगलवार को मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने सभागार में सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी रूपरेखा तैयार की। शासन अभी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की शुरूआत मंडल स्तर पर करने जा रहा है। 6 फरवरी को इस योजना के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए।
मंडलायुक्त ने संयुक्त निदेशक शिक्षा प्रदीप कुमार को इसका नोडल अधिकारी बनाया है। वह दो दिन से लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। मंगलवार शाम को कमिश्नर ने डीएम नितीश कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग, एमजेपीआरयू रजिस्ट्रार डा. सुनीता पांडेय, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डा. राजेश प्रकार, संयुक्त निदेशक शिक्षा डा. प्रदीप कुमार, बरेली कॉलेज प्राचार्य डा. अनुराग मोहन व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा, पीसीएस, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, बीएड, टीईटी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, पीओ समेत अन्य नौकरी से संबंधी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग के लिए अभ्युदय योजना की शुरूआत की जा रही है। कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर चुके अधिकारी मेंटर्स के तौर पर कोचिंग देंगे। इसके अलावा विषय से संबंधित एक्सपर्ट कोचिंग देंगे। मंडल में बरेली कॉलेज, जीआईसी और विश्वविद्यालय में मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन करने वाले छात्रों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। जो पहले से तैयारी कर रहा है, उसको प्राथमिकता दी जाएगी।
वेबसाइट पर सभी कक्षाएं लाइव होंगी। तीनों जगहों पर भौतिक कक्षाओं में अभ्यर्थी आएंगे लेकिन सभी स्मार्ट क्लास होंगी। जो भी कोचिंग के दौरान पढ़ाया जाएगा, उसका लाइव वीडियो भी रिकार्ड किया जाएगा। इसे यूट्यूब पर अपलोड किया जाएगा। इस योजना का सबसे ज्यादा लाभ ग्रामीण एरिया में रहने वाले अभ्यर्थियों और आर्थिक आय से कमजोर अभ्यर्थियों को मिलेगा, क्योंकि आय न होने की वजह से वह कोचिंग नहीं पढ़ पाते और कोचिंग न होने की वजह से तैयारियों में सफल नहीं हो पाते हैं।
1500 से अधिक रजिस्ट्रेशन पर होगा ऑनलाइन टेस्ट
विश्वविद्यालय, बरेली कॉलेज व जीआईसी के छात्रों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। इसके लिए पढ़ाई के समय से पहले और बाद में कक्षाएं संचालित होंगी। सुबह कक्षाएं 7 से 8:30 बजे और शाम को 4 से 7 बजे तक लगेंगी। बरेली कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर अनुराग मोहन ने मंगलवार को परीक्षा हाल में जाकर कक्षाओं की तैयारी का निरीक्षण भी किया। बरेली कॉलेज में जूलॉजी, बीएड और बॉटनी विभाग में कक्षाएं चलेंगी। जिस तरह से प्राइवेट कोचिंग में एक तैयारी के लिए जितनी क्लास पढ़ाई जाती हैं, उतनी ही मुफ्त कोचिंग में पढ़ाई जाएंगी। मंडल में रजिस्ट्रेशन कराने वाले 1500 अभ्यर्थियों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। विश्वविद्यालय में 750, बरेली कॉलेज में 450 और जीआईसी में 300 अभ्यर्थियों की भौतिक कक्षाएं लगेंगी। मंडल में 1500 से अधिक रजिस्ट्रेशन होने पर शासन स्तर पर उनका एक ऑनलाइन टेस्ट लिया जाएगा। टेस्ट पास करने वाले ही भौतिक कक्षा में बैठ सकेंगे और अन्य ऑनलाइन माध्यम से यू ट्यूब चैनल से जुड़ सकेंगे।
चार यूट्यूब चैनल बनाए गए
बरेली मंडल में चार यूट्यूबल चैनल बना दिए गए हैं। इनके नाम सीडीएस एंड एनडीए कंप्टीशन एग्जाम फॉर ऑल, आईएएस एंड पीसीएस कंप्टीशन फॉर ऑल, जेईई एंड नीट कॉम्पटीशन, बैंकिंग कंप्टीशन एग्जाम फार ऑल बनाए गए हैं। जल्द ही अन्य चैनल भी बनाए जाएंगे। मंडल में मुफ्त कोचिंग में पढ़ाने वालों के वीडियो इसपर अपलोड होंगे। ऐसे में जो छात्र कोचिंग में भौतिक रूप से नहीं आ सकेंगे। वह घर बैठे लेक्चर देखकर तैयारी कर सकेंगे। अभी यूट्यूब चैनल सिर्फ बनाए गए हैं। इसके बावजूद किसी में 200 तो किसी में 300 से अधिक लोग देख चुके हैं।
