बरेली: विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच झगड़ा, छात्रा से अभद्रता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) में स्थापना दिवस की तैयारियों में लगे एलएलएम और बीटेक के छात्रों के बीच सीनियर-जूनियर की बात को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों गुटों में जमकर गाली-गलौच हुआ और नौबत मारपीट तक आ गई। सूचना पर तुरंत प्रॉक्टोरियल बोर्ड और सुरक्षा की टीम पहुंची और झगड़े को शांत किया। …

अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) में स्थापना दिवस की तैयारियों में लगे एलएलएम और बीटेक के छात्रों के बीच सीनियर-जूनियर की बात को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों गुटों में जमकर गाली-गलौच हुआ और नौबत मारपीट तक आ गई। सूचना पर तुरंत प्रॉक्टोरियल बोर्ड और सुरक्षा की टीम पहुंची और झगड़े को शांत किया। उसके बाद कुछ छात्रों ने एलएलएम की एक छात्रा की स्कूटी रोक कर उसकी चाबी निकालकर अभद्रता की। कई छात्राओं ने इसकी शिकायत चीफ प्रॉक्टर व वूमेन ग्रीवांस सेल से की। सेल की जांच रिपोर्ट के बाद छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी।

रुहेलखंड विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस 15 फरवरी को मनाया जाएगा। 12 फरवरी से खेलकूद प्रतियोगिताएं भी शुरू हो रही हैं। गुरुवार को कई छात्र-छात्राएं रैंप वॉक की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान एलएलएम और बीटेक के छात्रों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

कहासुनी के दौरान एलएएम छात्र खुद को सीनियर तो बीटेक के छात्र खुद को सीनियर बताने लगे। झगड़ा बढ़ा तो बीटेक के छात्रों ने छात्रावास से भी अपने साथी बुला लिए। काफी भीड़ लग गई तो प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम और शिक्षक भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर डिप्टी चीफ प्रॉक्टर एके सिंह, विधि विभागाध्यक्ष डा. अमित सिंह, डा. अशोक कुमार, डा. विमल कुमार, रामबाबू और अन्य पहुंच गए। मौके पर सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा को भी टीम के साथ बुलाया गया। उसके बाद छात्रों के बीच हुए झगड़े को शांत किया गया। यह झगड़ा तो शांत हो गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद एलएलएम की एक छात्रा की स्कूटी को बीटेक के छात्रों ने रोक लिया। उसकी स्कूटी की चाबी निकाल ली और अभद्रता भी की। एक बार फिर से सूचना मिलने पर शिक्षक व सुरक्षा टीम पहुंची। पीड़ित छात्रा के साथ कुछ अन्य छात्राओं ने चीफ प्रॉक्टर जेएन मौर्या और वूमेन ग्रीवांस सेल की प्रभारी प्रो. आशा चौबे को लिखित शिकायत दी है।

चीफ प्रॉक्टर ने ग्रीवांस सेल को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। ग्रीवांस सेल की रिपोर्ट के बाद आरोपी छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी। झगड़े के दौरान एक पार्टी के नेता व पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष भी पहुंच गए। उन्होंने भी झगड़े को शांत कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि जिस बीटेक छात्र पर आरोप है कि उसने धमकी दी थी कि उसके बारे में छात्रों को पता नहीं है कि वह कौन है।

बाइक निकालने को लेकर विवाद
विश्वविद्यालय में सुबह के वक्त भी दो छात्रों में बाइक निकालने को लेकर विवाद हो गया। इंजीनियरिंग के एक छात्र के सामने से दूसरे छात्र ने तेजी से बाइक निकाल दी। इसे लेकर गाली-गलौच और विवाद शुरू हो गया। कई साथी छात्र भी आ गए। सूचना पर चीफ प्रॉक्टर जेएन मौर्या टीम के साथ पहुंच गए। सुरक्षा प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। चीफ प्रॉक्टर ने विभाग के प्रॉक्टर मनोज सिंह को मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

एलएलएम और बीटेक के छात्रों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मौके पर पहुंचकर मामले को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने शांत करा दिया। ग्रीवांस सेल जांच करेगी। जांच के बाद कार्रवाई होगी। -प्रो. जेएन मौर्या, चीफ प्रॉक्टर

कार्यक्रम की तैयारी के दौरान छात्रों के बीच कहासुनी हुई थी। छात्राओं ने लिखित में शिकायत दी है। शिकायत की जांच कर रिपोर्ट भेज दी जाएगी। -प्रो. आशा चौबे, प्रभारी वूमेन ग्रीवांस सेल

संबंधित समाचार