काशीपुर: दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर,अमृत विचार। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में महिला सेल में काउंसलिंग के बाद आठ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आईटीआई थाना क्षेत्र के वैशाली कालोनी निवासी आशी शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसकी शादी 18 अप्रैल 2018 को मध्यप्रदेश के नैनागढ़ रोड़, सिद्धनगर …

काशीपुर,अमृत विचार। पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में महिला सेल में काउंसलिंग के बाद आठ के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आईटीआई थाना क्षेत्र के वैशाली कालोनी निवासी आशी शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसकी शादी 18 अप्रैल 2018 को मध्यप्रदेश के नैनागढ़ रोड़, सिद्धनगर मुरैना निवासी जितेंद्र बाबू शर्मा के साथ हुई थी। शादी में 13 लाख रुपये नकद और 11 लाख 50 हजार के जेवरात, तीन लाख के कपड़े व अन्य घरेलू सामान दान-दहेज में दिया गया।

शादी के बाद से ही पति जितेंद्र, ससुर गजेंद्र बाबू, जेठानी आरती शर्मा, जेठ धर्मेंद्र शर्मा, ननद रजनी शर्मा दान-दहेज से खुश नहीं हुए और दहेज में 30 लाख रुपये की मांग करने लगे। ससुराली दहेज की मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। आशी ने पति पर एक महिला से नजायज संबंध का भी आरोप लगाया। कहा कि उसके पिता कुछ रिश्तेदारों के साथ ससुरालियों को समझाने मुरैना पहुंचे। समझाने पर ससुराली उसके पिता को भी धमकी देने लगे।

इस बीच मां की तबियत खराब होने पर पांच जनवरी 2019 को उसके पति मायके छोड़ गए। 11 अक्टूबर 2019 को पति, ससुर, जेठानी मायके आए और धक्का मुक्की कर बिना दहेज के वापस लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। 26 दिसंबर को मायके वालों ने पंचायत बुलाई। जिस पर ससुराली भड़क गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

वहीं आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम रानी रजपुरा निवासी मनप्रीत कौर ने दी तहरीर में कहा कि उसकी शादी 27 फरवरी 2019 को ग्राम सरवरखेड़ा निवासी गुरसेवक सिंह के साथ हुई थी। शादी में 40 तोला सोना, कार तथा घरेलू सामान दान-दहेज में दिया गया। शादी के बाद पति गुरसेवक,ससुर रघुवीर सिंह, सास सुखविंदर कौर दिए गए दान दहेज से खुश नहीं हुएऔर दहेज में 50 लाख रुपये और फारच्यूनर कार की मांग कर उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न शुरू कर उसे कमरे में बंद कर दिया। आरोप लगाया कि उसका पति ड्रग्स का आदी है और उसने मारपीट कर दी। जिससे उसके गर्भ में पल रहा बच्चा मर गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार