हल्द्वानी: बहन बनाकर अपने साथ रखा, फिर शादी का झांसा देकर किया रेप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। एक युवक ने युवती को बहन बनाकर रखा और शादी का झांसा देकर एक साल से अधिक समय तक रेप करता रहा। बाद में शादी के वायदे से मुकर गया। अब युवती को शादी का नाम लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी …

हल्द्वानी,अमृत विचार। एक युवक ने युवती को बहन बनाकर रखा और शादी का झांसा देकर एक साल से अधिक समय तक रेप करता रहा। बाद में शादी के वायदे से मुकर गया। अब युवती को शादी का नाम लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया है।

पिथौरागढ़ निवासी पीड़िता के अनुसार स्थानीय निवासी एक युवक वर्ष 2017 से उसे मोबाइल पर मैसेज और मिस कॉल करता था। बार-बार मैसेज और मिस कॉल आने पर युवती ने वर्ष 2018 से कॉल रिसीव करना शुरू कर दिया। पहले युवक ने अपना झूठा नाम और जाति बताई। इस बीच बातचीत से शुरू हुआ सिलसिला दोस्ती में बदल गया। दोनों की पहली मुलाकात आर्मी हॉस्पिटल पिथौरागढ़ में हुई। इसके बाद से दोनों के बीच मुलाकात का सिलसिला आम हो गया।

युवक घुमाने-फिराने के नाम पर युवती को हल्द्वानी ले आया। इससे पहले अल्मोड़ा के चितई मंदिर में ले जाकर उसकी मांग भर दी। विश्वास दिलाने लगा कि यह हमारे दांपत्य जीवन की शुरूआत है। जल्द ही अपने घरवालों को मनाकर शादी करूंगा। इसके बाद युवक ने युवती को भोटिया पड़ाव के एक होटल में सात दिन तक रखा। आरोप है कि युवती की मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पीलीकोठी में उसे एक साल तक किराए के कमरे में बहन बनाकर रखा। इस दौरान भी उसका शारीरिक शोषण करता रहा। अब युवक शादी से मुकर गया और बात करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहा है। एसएसआई मंगल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

संबंधित समाचार