मुरादाबाद : हिन्दू कालेज के प्रोफेसर के साथ मारपीट, पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद। हिन्दू कालेज में कार्यरत प्रोफेसर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आठ फरवरी को पांच युवकों ने कालेज गेट पर ही उन पर हमला बोलते हुए मारपीट की थी। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। शहर कोतवाली …
मुरादाबाद। हिन्दू कालेज में कार्यरत प्रोफेसर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आठ फरवरी को पांच युवकों ने कालेज गेट पर ही उन पर हमला बोलते हुए मारपीट की थी। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। शहर कोतवाली में पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
घटना आठ फरवरी की दोपहर शहर कोतवाली क्षेत्र में बुध बाजार स्थित हिन्दू कालेज के गेट पर हुई थी। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एचबीआई जिगर कालोनी निवासी डा. निशातउल्ला खां हिन्दू कालेज में वाणिज्य संकाय के विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। आठ फरवरी को कालेज का कार्य निपटाने के बाद वह बाइक से अपने घर जा रहे थे। बताते हैं कि जैसे ही वह गेट पर पहुंचे तभी पहले से वहां पर मौजूद हमलावरों ने घेर लिया।
नकाबपोश एक युवक ने धक्का देकर बाइक से गिरा दिया और अन्य आरोपियों ने हमला कर दिया। मारपीट होते देख गेट पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मी संजय ने शोर मचाते हुए उनके पीछे भागा तो सभी हमलावर धमकाते हुए फरार हो गए थे। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। यह पूरी घटना गेट पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज लेने के बाद पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। इस मामले में शुक्रवार को शहर कोतवाली में विभागाध्यक्ष की तहरीर पर पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
