लालकुआं: संंप्रदाय विशेष के युवक की गिरफ्तारी को लेकर हिंदू संगठनों ने कोतवाली में किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालकुआं, अमृत विचार। लेनदेन के मामले में हुए विवाद के बाद दूसरे संप्रदाय की कॉलोनी में जाकर मारपीट करने के आरोपी को कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद छोड़ने से नाराज हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं एवं 25 एकड़ कॉलोनी के लोगों ने कोतवाली का जबरदस्त घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी …

लालकुआं, अमृत विचार। लेनदेन के मामले में हुए विवाद के बाद दूसरे संप्रदाय की कॉलोनी में जाकर मारपीट करने के आरोपी को कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने के बाद छोड़ने से नाराज हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं एवं 25 एकड़ कॉलोनी के लोगों ने कोतवाली का जबरदस्त घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी के हस्तक्षेप के बाद आरोपी को पुनः गिरफ्तार करने पर मामला शांत हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 10 बजे 25 एकड़ कॉलोनी निवासी रजत ठाकुर का बंगाली कॉलोनी निवासी शादाब से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद बंगाली कॉलोनी क्षेत्र का शादाब कई लोगों के साथ 25 एकड़ कॉलोनी पहुंचा। जहां उन्होंने रजत ठाकुर, हिमांशु चौहान सहित तीन युवकों की पिटाई की। इससे आक्रोशित कॉलोनीवासी कोतवाली पहुंचे और रजत ठाकुर द्वारा घटना की लिखित तहरीर पर शादाब सहित कई लोगों के विरूद्ध पुलिस ने धारा 323, 504 और 506 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।

इसी बीच कोतवाली पहुंचे दूसरे पक्ष के हबीब अहमद ने भी वरुण डोगरा और गंगा सहित कई लोगों के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी। पुलिस ने मामले को धारा 323 के तहत पंजीकृत कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने शादाब को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद क्षेत्रवासी शांत होकर घर को लौट गए।

रविवार सुबह हिंदूवादी नेता कमल मुनि के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे दर्जनों लोगों ने कोतवाली का घेराव करते हुए रात में गिरफ्तार किए गए युवक शादाब को तत्काल छोड़ देने का आरोप लगाया। इससे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शादाब को पुनः हिरासत में लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाते रहे। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार शाह के समझाने पर क्षेत्रवासी शांत हुए। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता पूर्वक जांच करेंगी। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जाएगा। उसी फुटेज के आधार पर कार्रवाई होगी।

साथ ही जिन तत्वों द्वारा शांतिपूर्ण सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास किया गया, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इस दौरान भाजपा नेता हरीश नैनवाल, हेमंत नरूला, राधेश्याम यादव, विक्रम सिंह, अनिल मेलकानी, सूरज राय समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। हिरासत में लिए गए आरोपी को रात में छोड़ने के मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार का कहना है कि रात्रि में आरोपी के सिर में चोट होने के कारण उसे छोड़ा गया था। सुबह हालत ठीक होने पर उसे फिर से हिरासत में लिया गया है। कहा कि दोनों ओर से मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं और पुलिस तफ्तीश कर रही है।

 

संबंधित समाचार