खनन माफियाओं के लिए बनी है भाजपा सरकार: प्रियंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नाम लिए बिना निषाद समुदाय की एक जनसभा में कहा कि मौजूदा सरकार नदी और जंगल की बदौलत रोजी रोटी कमाने वालों की नहीं सुनती बल्कि पर्यावरण की अमूल्य संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले खनन माफियाओं के लिए चलायी जा रही है। प्रियंका …

प्रयागराज। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नाम लिए बिना निषाद समुदाय की एक जनसभा में कहा कि मौजूदा सरकार नदी और जंगल की बदौलत रोजी रोटी कमाने वालों की नहीं सुनती बल्कि पर्यावरण की अमूल्य संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले खनन माफियाओं के लिए चलायी जा रही है।

प्रियंका रविवार को जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर यमुना तट पर स्थित घूरपुर के बसवार गांव में निषाद समुदाय के लोगों के बीच पहुंची जहां उन्हे पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गयी। कांग्रेस महासचिव ने निषादों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और कहा कि आज योजनाएं खनन माफियाओं के लिए बनाई जा रही हैं। अलग अलग माफियाओं के लिए कानून बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नये कृषि कानूनों से किसान का नुकसान हो रहा है और बड़े उद्योगपतियों का फायदा हो रहा है। इसी तरह से जो कानून नदियों पर लागू है वो आपकी भलाई के लिए नहीं है, वो कानून उद्योगपतियों की भलाई के लिए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निषाद समुदाय के इस मुद्दे को न सिर्फ सदन में उठायेगी बल्कि पूरी तरह से उनकी लड़ाई लड़ेगी। इस मामले में न्यायपालिका में निषादों की पैरवी कांग्रेस के वरिष्ठ कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद और अभिषेक सिंघवी करेंगे और उन्हे यथासंभव मदद करेंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जो पर्यावरण है, नदियां है, जंगल हैं, उनके आसपास रहने वाले लोग उनकी कमाई उसके जरिए से होती है उसकाे क्षति नहीं पहुंचाएंगे क्योंकि आपका जीवन उससे जुड़ा है। लेकिन बड़े बड़े ठेकेदार नदी, जंगल से जुडा नहीं होता और जब वो कार्य करते है तो व्यापार करते है। उनको इससे कोई मतलब नहीं कि नदी या जंगल की हानि हो रही है।

उन्होंने कांग्रेस की एनडी तिवारी सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले की सरकार नदी किनारे रहने वालों के हित में कानून बनाती थी। जो लोग नदी किनारे रहते हैं, उन्हें पता है कि नदी की भलाई किसमें है। पहले की सरकार आपके लिए काम करती थी। आज की सरकार आपके लिए काम नहीं कर रही है। आज योजनाएं खनन माफिया के लिए बनाई जा रही हैं। अलग अलग माफियाओं के लिए कानून बनाए जा रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आप के सहयोग से ये सरकार सत्ता में आई है लेकिन ये भूल गये है। जब नेता भूल जाता है कि उसे सत्ता किसने दी है तब वह भटकने लगता है। ये नहीं समझ रहे है कि इनकों बनाने वाले आप (निषाद) है। आप ने इनको सत्ता दी है। इनको आप के लिए काम करनी चाहिए। आप को प्राथमिकता देनी चाहिए और आप की समस्याओं को समझकर उन्हे सुलझाना चाहिए।

उन्होने कहा कि कांग्रेस की सरकार आयेगी तो सबसे पहले आपके जो अधिकार हैं, जनता के अधिकार हैं उनको मजबूत किया जाता है। आप लोगों को प्रताड़ित किया गया, आप की समस्याएं बढ़ रही है, उनको कम करना हमारा काम है। आप के पट्टे के अधिकार के लिए हम लडेंगे और उसे करवाएगें।

इस अवसर पर बसवार गांव में प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू आदि उपस्थित थे। गौरतलब है कि बालू खनन को लेकर चार फरवरी को कुछ पुलिस टीम ने बसवार गांव के निषादों के करीब 18 नाव को तीन जेसीबी की मदद से तोड़ा था और विरोध करने पर महिला, पुरूषों और बच्चाे की पिटाई की थी।

संबंधित समाचार