बरेली: 100 साल से अधिक पुराने 331 पुल और पुलिया का होगा निर्माण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। 100 साल से अधिक पुरानी पुलिया और पुलों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण की तैयारी पूरी हो गई है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें खेतों की सिंचाई के लिए परेशान होना नहीं पड़ेगा और गन्ना और अनाज भरी बैलगाड़ी निकालने के लिए टूटी पुलिया व जर्जर पुलों से भी नहीं गुजरना …

अमृत विचार, बरेली। 100 साल से अधिक पुरानी पुलिया और पुलों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण की तैयारी पूरी हो गई है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें खेतों की सिंचाई के लिए परेशान होना नहीं पड़ेगा और गन्ना और अनाज भरी बैलगाड़ी निकालने के लिए टूटी पुलिया व जर्जर पुलों से भी नहीं गुजरना पड़ेगा।

100 दिन में जनपद की क्षतिग्रस्त 331 पुलिया और जर्जर पुल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 225 पुलिया व पुलों की मरम्मत होगी और 106 पुल-पुलिया का पुनर्निर्माण किया जाएगा। करीब 7.5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया और पुल की सूरत बदलेगी। यह योजना मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है।

रुहेलखंड नहर खंड के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि जनपद में कुछ को छोड़कर सभी पुल और पुलिया 100 वर्षों से अधिक पुरानी हैं। जब इनका सत्यापन कराया गया तो इनकी हालत बेहद जर्जर मिली। जनप्रतिनिधियों से भी जानकारी ली गई। पुल और पुलिया के सत्यापन की रिपोर्ट शासन को भेजी गई। इसके बाद बजट स्वीकृत किया गया। महाभियान के तहत सौ दिन में मरम्मत और पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी मिली है। अधिकांश पुलिया नहरों की हैं।

मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन की महाभियान की शुरुआत
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुल और पुलिया की मरम्मत व पुनर्निर्माण के महाअभियान की ऑनलाइन शुरुआत की। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में शहर विधायक डा. अरुण कुमार, विधायक मीरगंज डीसी वर्मा, भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य, बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बताया गया कि राज्य की 25050 पुल और पुलिया हैं जो सौ साल से अधिक पुरानी हैं। इनकी मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए महाभियान की जरूरत थी। कार्यक्रम में ऑनलाइन सिंचाई विभाग से जुड़ी लघु फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितीश कुमार, मुख्य अभियंता शारदा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग एसपी सिंह, पंचम मंडल सिंचाई कार्य के अधीक्षण अभियंता शरद कुमार सिंह, रुहेलखंड नहर खंड के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार