फिर बढ़ता संक्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देश के कई राज्यों में फिर से कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अचानक तेजी से बढ़ गए हैं। ताजा आंकड़ों में महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस पर चिंता जािहर करते हुए चेतावनी जारी की है। …

देश के कई राज्यों में फिर से कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अचानक तेजी से बढ़ गए हैं। ताजा आंकड़ों में महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में अचानक वृद्धि दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस पर चिंता जािहर करते हुए चेतावनी जारी की है।

सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। यहां 24 घंटे में 6,112 नए केस मिले हैं। छत्तीसगढ़ में 24 घंटों में 259, पंजाब में 383 और मध्य प्रदेश में 297 नए मामले दर्ज किए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की चेतावनी के बाद अलर्ट हुई महाराष्ट्र सरकार ने एहतियातन कदम उठाते हुए अमरावती समेत कुछ स्थानों पर लॉकडाउन लगा दिया है। वहीं कनार्टक सरकार ने महाराष्ट्र से आने वालों के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है।

निश्चित ही इन राज्यों में कोरोना संक्रमण फिर फैलने से चिंता स्वाभािवक हो जाती है। हालांकि कोरोना वैक्सीन लगाने का काम देश भर में किया जा रहा है लेकिन उसकी सार्थकता और हर किसी तक वैक्सीन पहुंच पाने को लेकर अभी अनिश्चिय की स्थिति दूर नहीं हुई है।

ऐसे में, यदि इन राज्यों के अतिरिक्त पूरे देश में संक्रमण के केस बढ़े तो स्थिति पहले जैसी खतरनाक हो सकती है, इसकी आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता, इसलिए बेहतर यही है कि जिस तरह से देश की बड़ी आबादी ने संक्रमण से बचाव के उपाय करते हुए वैश्विक महामारी को अब तक परास्त किया, वही उपाय लगातार जारी रखे जाएं यानी दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी नियम का पालन हम सबको करते रहना चाहिए।

हमें इस तथ्य को भी समझना होगा कि पिछले कुछ समय से हम संक्रमण को लेकर बेपरवाह हुए हैं। संभव है कि महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, पंजाब और मध्य प्रदेश राज्यों में अचानक बढ़े संक्रमण के मामले कोरोना वायरस को लेकर इसी बेपरवाही का नतीजा हो सकते हैं।

हालांकि अभी यह साफ होना बाकी है कि जो मामले बढ़े हैं, वे कोरोना के नए स्ट्रेन के तो नहीं हैं, क्योेकि चिंता की बात यह भी है कि कोरोना के खतरनाक नए वायरस स्ट्रेन के देश में बढ़ते खतरे को लेकर विशेषज्ञ लगातार आगाह कर रहे हैं। एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने चेताया है कि कि नया स्ट्रेन पहले से ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है।

उनके मुताबिक, नया स्ट्रेन उन लोगों को भी अपनी चपेट में ले सकता है, जो पहले संक्रमण से ठीक हो चुके हैं और जिन्होंने कोरोना वायरस के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित कर ली है, इसलिए हम सबको विशेषज्ञों की सलाह मानते हुए लगातार बेहद सावधानी बनाए रखनी होगी।