बरेली: मार्च से इज्जतनगर मंडल में चलेंगी पैसेंजर और डेमू ट्रेनें, बोर्ड से मिली मंजूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्ज्तनगर मंडल में भी अब जल्द ही पैसेंजर और डेमू ट्रेनों को संचालन होने वाला है। रेलवे बोर्ड से इसकी अनुमति मिल चुकी है। यह ट्रेनें भी होंगी तो पैसेंजर मगर इन्हें मेल एक्सप्रेस बनाकर ही दौड़ाया जाएगा। सभी स्टेशनों और हाल्ट पर रोकने के आदेश जारी हुए हैं। …

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्ज्तनगर मंडल में भी अब जल्द ही पैसेंजर और डेमू ट्रेनों को संचालन होने वाला है। रेलवे बोर्ड से इसकी अनुमति मिल चुकी है। यह ट्रेनें भी होंगी तो पैसेंजर मगर इन्हें मेल एक्सप्रेस बनाकर ही दौड़ाया जाएगा। सभी स्टेशनों और हाल्ट पर रोकने के आदेश जारी हुए हैं। फिलहाल मंडल दौड़ने वाली ट्रेनों की सूची तैयार करने में जुटा है।

उम्मीद है कि मार्च से इन ट्रेनों का संचालन हो जाएगा। मार्च महीने में होली होने की वजह से रेलवे बोर्ड अब अधिकांश ट्रेनों के संचालन की तैयारी कर रहा है। स्पेशल ट्रेनों के बाद अब पैसेंजर ट्रेनों को संचालित किया जा रहा है। मगर राजस्व की बढ़ोत्तरी के लिए बोर्ड पैसेंजर ट्रेनों को भी मेल एक्सप्रेस बनाकर संचालित कर रहा है।

जिससे सभी ट्रेनों में सुविधाएं तो पैसेंजर ट्रेनों की होगी, मगर किराया मेल एक्सप्रेस का होगा। दो दिनों पहले रेलवे बोर्ड ने पूर्वोत्तर रेलवे के सभी मंडलों को पैसेंजर ट्रेनें चलाने की अनुमति के साथ ट्रेन संचालन के रूट भी निर्धारण कर दिए है। जिसमें इज्जतनगर मंडल में 12 रूटों पर पैसेंजर, डैमू ट्रेनों के संचालन की अनुमति मिल चुकी है।

इन रूटों पर चलेंगी ट्रेनें
इन रूटों में काठगोदाम से मुरादाबाद, मुरादाबाद से रामपुर, कासगंज से काशीपुर, कासंगज से बरेली सिटी, बरेली सिटी से पीलीभीत, पीलीभीत से टनकपुर, फरूर्खबाद से कानपुर अनवरगंज, कासगंज से मथुरा जंक्शन, कासगंज से अछनेरा जंक्शन, कासगंज से फरूर्खाबाद, बरेली सिटी से काशीपुर और बरेली सिटी से टनकपुर तक के रूट शामिल है। मंडल अधिकारी अब आवश्यकता के अनुसार ट्रेन संचालन की तैयारियों में जुट गया है। रेलवे सूत्रों की माने तो इज्जतनगर मंडल में भी मार्च से पैसेंजर और डैमू ट्रेनों का संचालन हो जाएगा।

सभी स्टेशनों पर रुककर जाएंगी यह ट्रेनें
बोर्ड के आदेश के मुताबिक संचालित होने वाली सभी ट्रेनों को मेल एक्सप्रेस में भले ही बदल दिया गया हो। मगर उनका ठहराव सभी स्टेशनों पर होना अनिवार्य है। फिर भले ही वह हाल्ट क्यों न हो। इससे यह कहना गलत नहीं होगा कि रेलवे अब सिर्फ अपना राजस्व बढ़ाने पर ही ध्यान दे रहा है। सुविधाओं पर नहीं।

फिलहाल रेलवे बोर्ड से हमें कई रूटों पर पैसेंजर और डैमू ट्रेनों के संचालन की अनुमति मिल चुकी है। अभी मुख्यालय और मंडल स्तर पर किस-किस ट्रेन को संचालित करना है इसकी योजना बनाई जा रही है। जल्द ही ट्रेनों का संचालन होगा। -पंकज सिंह, सीपीआरओ गोरखपुर

संबंधित समाचार