बरेली-दिल्ली उड़ान की तैयारी अंतिम चरण में, जानिए देना होगा कितना किराया
अमृत विचार, बरेली। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू कराने की तैयारी अंतिम चरणों में चल रही है। 8 मार्च को पहली फ्लाइट दिल्ली से बरेली के लिए आएगी। फ्लाइट के स्वागत की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में एलाइंस एयर ने बरेली-दिल्ली फ्लाइट का किराया भी तय कर दिया है। …
अमृत विचार, बरेली। सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू कराने की तैयारी अंतिम चरणों में चल रही है। 8 मार्च को पहली फ्लाइट दिल्ली से बरेली के लिए आएगी। फ्लाइट के स्वागत की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में एलाइंस एयर ने बरेली-दिल्ली फ्लाइट का किराया भी तय कर दिया है। 1954 रुपये प्रति यात्री किराया निर्धारित किया है। किराया निर्धारित होने के बाद एलाइंस एयर ने फ्लाइट के लिए टिकट की ऑनलाइन बुकिंग खोल दी है।
बताते हैं कि 8 मार्च को दिल्ली से आने और 10 मार्च को बरेली से दिल्ली जाने के लिए सोमवार तक 20 यात्रियों ने टिकट बुक करा लिये हैं। बुकिंग के लिए काउंटर बरेली एयरपोर्ट में भी हैं लेकिन अभी यहां काउंटर पर बुकिंग शुरू नहीं हुई है। एलाइंस एयर ने बुकिंग खोलने के साथ स्पष्ट कर दिया है कि 50 प्रतिशत सीट की बुकिंग होने पर रेट भी बुकिंग के अनुसार बढ़ते जाएंगे। इससे माना जा रहा है कि 50 प्रतिशत बुकिंग के बाद यात्रियों को कुछ रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।
इसके साथ एलाइंस एयर ने पूर्व में निर्धारित शेड्यूल में फ्लाइट के आने-जाने के समय में भी बदलाव किया है। नए शेड्यूल के अनुसार एटीआर-72 दिल्ली से बरेली के लिए 8.55 बजे उड़ेगा और 10 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगा। जबकि बरेली एयरपोर्ट से 10.25 उड़ान भरेगा तो दिल्ली 11.25 बजे पहुंचेगा। 16 फरवरी को जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार 25 मिनट अधिक समय बढ़ गया। पहले बरेली से दिल्ली 11 बजे पहुंचने का समय निर्धारित किया गया था।
बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए बुधवार, शुक्रवार, शनिवार औ रविवार को फ्लाइट उपलब्ध रहेगी। इधर, राज्य नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने बताया है कि एलाइंस एयर ने किराया तय करने के साथ फ्लाइट के आने-जाने के समय में भी बदलाव किया है। 8 मार्च से उड़ान शुरू होने के संबंध में एलाइंस एयर और एयरपोर्ट अथॉरिटी को तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
