बाराबंकी: पंचायत चुनाव सिर पर मतदान केंद्रों पर हर तरफ फैली अव्यवस्था, अधिकारी बने अंजान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टिकैतनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। पंचायत चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, लेकिन पूरेडलई ब्लाक क्षेत्र के अधिकांश मतदान केंद्रों पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। शौचालयो में गंदगी इतनी कि पैर रखना भी दूभर है। बिजली-पानी की व्यवस्था भी नहीं है। रैंप की रेलिंग भी गायब है। पड़ताल में बूथों के हालात बद से बदतर …

टिकैतनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। पंचायत चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, लेकिन पूरेडलई ब्लाक क्षेत्र के अधिकांश मतदान केंद्रों पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। शौचालयो में गंदगी इतनी कि पैर रखना भी दूभर है। बिजली-पानी की व्यवस्था भी नहीं है।

रैंप की रेलिंग भी गायब है। पड़ताल में बूथों के हालात बद से बदतर नजर आए। कई स्थानों पर बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त है तो कहीं बिजली कनेक्शन होने के बावजूद उपकरण नदारद हैं। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन तमाम दावे जरूर कर रहा है, लेकिन अव्यस्थाओं के चलते लोगों को मतदान केंद्रों पर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी ही तमाम अव्यवस्थाएं सामने आईं।

विकास खण्ड के कस्बा इचैली मे 10998 मतदाताओ में दस बूथ बनाये गए है। इसमें कन्या क्रमोत्तर प्राथमिक विद्यालय में दो बूथ बनाए गए हैं। यह पूरा भवन जर्जर अवस्था में है। यहां दरवाजा तक नहीं है खिड़कियां भी टूटी पड़ी हैं।

जबकि ग्राम पंचायत सरायसैफ में दिव्याग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था भी नहीं है। शौचालय मे भारी गंदगी फैली है। ग्राम पंचायत सिकरी जीवल के मतदेय स्थल जीवल में बूथ तक जाने का कोई रास्ता नहीं है। सड़क से बूथ की दूरी 200 मीटर है। वहीं ग्राम पंचायत मांझा रायपुर में 2088 मतदाता है। लेकिन अभी तक यहां पर मतदान केंद्र स्थल बनाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।

प्राथमिक विद्यालय 10 वर्ष पहले नदी में विलीन हो गया था। तब से यहां पर अस्थाई मतदान केंद्र मे मतदान होता है। इतना ही नही ग्राम पंचायत उदई मऊ मजरे नंदा का पुरवा में ग्रामीणों को डेढ किलोमीटर की दूरी पर मतदान करने जाना पडता है, जब कि गांव में प्राथमिक विद्यालय का भवन बना है।

पांच किलोमीटर दूर है मतदान केन्द्र
ग्राम पंचायत रहिमापुर बजरंग सिंह मे पचास वर्षों से ग्राम पंचायत, विधानसभा व लोकसभा के चुनावों मे मतदान केंद्र बनता चला आ रहा है। लेकिन इस बार 9 वार्डों के मतदाताओं का बूथ पांच किलोमीटर की दूरी पर दूसरे गांव अतरौली में बना दिया गया है। जहां पर मतदान केंद्र तक जाने के लिए सही से रास्ता भी नहीं है। शौचालय अभी चालू नहीं हुआ है। यहां पर रैंप की व्यवस्था भी नहीं है। ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत भी की थी। लेकिन अभी तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विकास खण्ड पूरेडलई में कुल 51 ग्राम पंचायते हैं जिसमें 60 मतदान केन्द्र हैं। वहीं 175 मतदेय स्थल हैं, इस ब्लाक में कुल 97 हजार 978 मतदाता पंचायत चुनाव में अपने मतों का प्रयोग करेंगे।

मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं की देखरेख तहसील प्रशासन के द्वारा की जाती है। अभी तक किसी भी मतदान केंद्र पर अवस्थाओं की शिकायत उनके पास नहीं आई है। अव्यवस्था वाले बूथो को चुनाव से पहले ही चिन्हित करके उनको दुरुस्त कराया जाएगा।
राघवेन्द्र प्रताप, सहायक विकास अधिकारी, पूरेडलई

संबंधित समाचार