हल्द्वानी: छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने को स्कूल पहुंची पुलिस, सुनी छात्राओं की समस्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। स्कूल, कॉलेज और कोचिंग आते-जाते समय छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्रता की शिकायतों पर पुलिस एक्शन में आ गई है। बुधवार को जिले के लगभग सभी स्कूल कॉलेजों में महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं की समस्या जानीं। इसके साथ ही अश्लील कमेंट करने और छेड़छाड़ करने वालों की सूचना 112 या फिर …

हल्द्वानी, अमृत विचार। स्कूल, कॉलेज और कोचिंग आते-जाते समय छात्राओं से छेड़छाड़ और अभद्रता की शिकायतों पर पुलिस एक्शन में आ गई है। बुधवार को जिले के लगभग सभी स्कूल कॉलेजों में महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं की समस्या जानीं। इसके साथ ही अश्लील कमेंट करने और छेड़छाड़ करने वालों की सूचना 112 या फिर महिला हेल्पलाइन नंबर 8191911090 पर देने की अपील की।

एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी के निर्देश पर जिले भर में थानावार ऑपरेशन पिंक चलाया गया। इसके तहत महिला चीता और थाना पुलिस ने स्कूल खुलने और बंद होने के समय छात्राओं से बातचीत की। उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए घूरने, छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी, पीछा करने वाले तत्वों की जानकारी देने को कहा। छात्राओं को समझाया गया कि वह अपने साथ घटने वाली छोटी-छोटी घटनाओं को कतई नजरंदाज न करें। मदद और कार्रवाई के लिए पुलिस के पास आएं।

इन घटनाओं की उपेक्षा करने से ऐसे तत्वों के हौंसले और बुलंद होते हैं। इसके साथ ही युवाओं में बढ़ रही नशे की लत और साइबर क्राइम से बचने के लिए जागरूक किया गया।

संबंधित समाचार