बरेली: फिर हुए दावे, गेहूं खरीद में बिचौलियों से मिलेगा छुटकारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। अब धान और गेहूं की फसलों की सरकारी खरीद इलेक्ट्रानिक प्वाइंट ऑफ परचेज मशीनों के जरिए होगी। अफसरों का दावा है कि नई व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। शासन से फरमान आने के बाद खाद्य एवं रसद विभाग ने एक अप्रैल से होनी …

अमृत विचार, बरेली। अब धान और गेहूं की फसलों की सरकारी खरीद इलेक्ट्रानिक प्वाइंट ऑफ परचेज मशीनों के जरिए होगी। अफसरों का दावा है कि नई व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। शासन से फरमान आने के बाद खाद्य एवं रसद विभाग ने एक अप्रैल से होनी वाली गेहूं खरीद की की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

विपणन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, ई-पॉश मशीन में ऐसा सॉफ्टवेयर डाला गया है जो उसी किसान का फिंगर प्रिंट लेगा जिसका नाम और आधार नंबर पंजीकृत होगा। पंजीकरण के दौरान दर्ज आधार नंबर पूरी तरह से छिपा होगा और मशीन पर पंजीकरण नंबर डालने पर ही आधार नंबर शो करेगा।

इससे असली और नकली किसान की पहचान करने में आसानी होगी। ई-पॉश मशीन से खरीद करने का मुख्य उद्देश्य किसानों को सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य का सीधा लाभ दिलाना है। निर्धारित 37 केंद्रों पर ई-पाश मशीन पहुंचाने की तैयारी है।

यह है मशीन की खासियत
ई-पॉश मशीन की खास बात यह भी रहेगी कि किसी किसान का नाम पंजीकृत है और वह बुजुर्ग, दिव्यांग या फिर किसी कारण केंद्र पहुंचने में अक्षम है तो उसके परिवार के सदस्य को भी मौका दिया जाएगा। परिवार के इस सदस्य का आधार नंबर विकल्प के तौर पर पंजीकरण के दौरान प्रपत्र में दर्ज कराना होगा। परिवार का यह सदस्य क्रय केंद्र पर पहुंचकर अपनी फसल की तौल करा सकता है लेकिन इसे सिर्फ एक ही मौका दिया जाएगा।

एक अप्रैल से होगी गेहूं की खरीद, बढ़ेगी केंद्रों की संख्या
एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अब तक छह एजेंसियों के 37 केंद्रों का अनुमोदन किया जा चुका है। अभी केंद्रों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। इस बार समर्थन मूल्य 50 रुपये बढ़ाते हुए सरकार ने 1975 रुपये निर्धारित किया है। अब तक मिले प्रस्ताव में से खाद्य विभाग के दस, पीसीएफ के दस, एसएफसी के पांच, यूपीएसएस के आठ, मंडी समिति के तीन और भारतीय खाद्य निगम के एक केंद्र का निर्धारण किया गया है।

सरकार किसानों को फसलों का पूरा समर्थन मूल्य देने और क्रय केंद्रों पर बिचौलियों से निजात दिलाने के लिए नई व्यवस्था की शुरुआत करने जा रही है। इसके तहत आने वाले समय में धान और गेहूं की खरीद ई-पॉश मशीन से होगी। इसकी शुरुआत गेहूं खरीद से होगी।
-राममूर्ति वर्मा, आरएमओ

संबंधित समाचार