मुरादाबाद: हरिद्वार कुंभ मेले के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें, परिवहन निगम ने पूरी की तैयारियां
मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंभ मेले के लिए यात्रियों को सुरक्षित सफर कराने को परिवहन निगम ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। यात्रियों के लिए मंडल के सभी बस अड्डों पर विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। हर आधा घंटे के अंतराल पर बसों के संचालन की योजना अधिकारियों ने बनाई है। कुंभ मेले के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कुंभ मेले के लिए यात्रियों को सुरक्षित सफर कराने को परिवहन निगम ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। यात्रियों के लिए मंडल के सभी बस अड्डों पर विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। हर आधा घंटे के अंतराल पर बसों के संचालन की योजना अधिकारियों ने बनाई है। कुंभ मेले के लिए फिलहाल यात्री नहीं पहुंच रहे हैं। लेकिन, हरिद्वार जाने वाली बसों के लिए जानकारी लेने यात्री पहुंच रहे हैं। कुंभ का पहला स्नान 11 मार्च को है। इसके लिए रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। यात्रियों को सफर में परेशानी न हो, इसके लिए नई बसों में आरामदेह सीटें हैं।
वर्तमान में मुरादाबाद डिपो से 100 बसें और पीतलनगरी डिपो से 25 से 30 बसों का संचालन हरिद्वार मार्ग पर किया जा रहा है। फिलहाल उतराखंड के मार्गों पर बसों का किराया बढ़ जाने के बाद यात्रियों की संख्या पहले की अपेक्षा कम हो गई है। बसों का संचालन कितने बजे होगा, कितने समय में वहां पहुंचेगी और किराया क्या है, इसकी जानकारी के लिए लोग रोज पूछताछ केंद्र पर पहुंच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मंडल के हर डिपो से कुंभ के लिए हर आधा घंटे पर बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
यात्रियों की संख्या को देख बढ़ेंगी बसें
पहला शाही स्नान 11 मार्च को है। फिलहाल रोडवेज की ओर से यह तय नहीं किया गया है कि कितनी बसों का संचालन कुंभ के लिए होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन का कहना है कि यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या को बढ़ाया जाएगा।
230 रुपए निर्धारित है कुंभ का किराया
यात्रियों को हरिद्वार कुंभ पहुंचाने के लिए निगम ने बसों का किराया 230 रुपए निर्धारित किया है। मुरादाबाद डिपो के एआरएम संदीप नायक ने बताया कि हरिद्वार मार्ग पर फिलहाल यात्रियों की संख्या कम है। इसका कारण टिकट का मंहगा होना माना जा रहा है। यात्रियों की संख्या 9 और 10 फरवरी से बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
