बरेली: मालियों की पुलिया जाम, नहीं हो रहा कोई इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। सेटेलाइट से घोड़ा बटालियन होकर वाहनों के गुजारने के बावजूद भी मालियों की पुलिया के पास जाम लग रहा है। जाम को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी लग रही है इसके बावजूद जाम लग रहा है। शुक्रवार को भी मालियों की पुलिया के पास लंबा जाम लग गया। इसके …

अमृत विचार, बरेली। सेटेलाइट से घोड़ा बटालियन होकर वाहनों के गुजारने के बावजूद भी मालियों की पुलिया के पास जाम लग रहा है। जाम को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी लग रही है इसके बावजूद जाम लग रहा है।

शुक्रवार को भी मालियों की पुलिया के पास लंबा जाम लग गया। इसके अलावा गांधी उद्यान, बरेली कॉलेज, नगर निगम और चौकी चौराहा पर भी लोग जाम में फंसकर परेशान होते रहे।

ईसाइयों की पुलिया का रास्ता बंद हो जाने की वजह से कई वाहन खुर्रम गौटिया के रास्ते गलत दिशा में जाने का प्रयास करते हैं। इस मोड़ पर दोनों तरफ मैकेनिक की दुकानें हैं जो वाहन सड़क पर खड़े होकर ही सही करते हैं। इस मोड़ पर ऊंची सड़क है इसकी वजह से वाहनों को मुड़ने में देरी लगती है।

श्यामगंज की ओर सीधे जाने वाले वाहनों की वजह से जाम लग जाता है। रोडवेज बस या बड़ा वाहन आने से ज्यादा दिक्कत होती है। एक बार जाम लग जाए तो काफी समय बाद खुल पाता है। बरेली कॉलेज के सामने काफी समय से नाला बन रहा है लेकिन अभी तक काम नहीं हो सका है।

लोग किसी तरह से साइड से निकल रहे हैं। इसकी वजह से नगर निगम के सामने जाम लग रहा है, क्योंकि सिंगल रास्ता होने से वाहन फंस जाते हैं। सिंगल रोड पर भी वाहन पार्क होते हैं। आगे चलकर पटेल चौक पर भी दिक्कत होती है। चौपुला चौराहा पर रोजाना जाम लग रहा है। यहां पर लोग खतरे में जान डालकर ही निकल रहे हैं। जब तक फ्लाईओवर नहीं बन जाता है तब तक लोगों को इसी तरह की परेशानी उठानी पड़ेगी।

डायवर्जन के बावजूद भी घुसने का प्रयास
गांधी उद्यान से चौकी चौराहा जाने वाले रास्ते को ट्रैफिक पुलिस ने सीवर लाइन की खुदाई की वजह से बंद कर दिया है ताकि जाम न लगे। चौकी चौराहा की तरफ से आने वाले वाहनों को पहले विकास भवन रोड पर भेजा जाता है और फिर पार्क के आगे से मोड़कर बियावानी कोठी की तरफ भेजा जा रहा है। विकास भवन की तरफ से आने वाले वाहनों को सीधे बिजली दफ्तर की तरफ अक्षर विहार की ओर भेजा जा रहा है। इसके बावजूद कई वाहन चालक पार्क के आगे से मोड़कर वाहन लेकर चौकी चौराहा की तरफ से जाने का प्रयास करते हैं। ट्रैफिक पुलिस के मना करने पर भी कई लोग नहीं मानते हैं, जिससे जाम लग जाता है।

10 दिन से अधिक होने पर भी काम नहीं पूरा
बियावानी कोठी से ईसाईयों की पुलिया तक 10 दिनों का डायवर्जन मांगा गया था। पहले 18 फरवरी की रात से काम शुरू होना था लेकिन 21 फरवरी की सुबह से काम शुरू हो सका। 13 दिन का समय पूरा हो चुका है लेकिन अभी तक आधी दूरी तक का भी काम पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में यह रास्ता आगे कितने दिनों तक बंद रहेगा, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। जब तक रास्ता नहीं खुलेगा तब तक मालियों की पुलिया पर जाम लगता रहेगा।

संबंधित समाचार