इंतजार खत्म
बरेली में सिविल एयरपोर्ट की शुरुआत 8 मार्च सोमवार को होने जा रही है। निश्चित ही बरेली में आम जनता के लिए हवाई सफर की सुविधा की दिशा में यह बहुत बड़ा कदम है। फिलहाल बरेली से दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू होगी। इसके बाद 29 अप्रैल से मुंबई के लिए और 1 मई से …
बरेली में सिविल एयरपोर्ट की शुरुआत 8 मार्च सोमवार को होने जा रही है। निश्चित ही बरेली में आम जनता के लिए हवाई सफर की सुविधा की दिशा में यह बहुत बड़ा कदम है। फिलहाल बरेली से दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू होगी। इसके बाद 29 अप्रैल से मुंबई के लिए और 1 मई से बेंगलुरू के लिए फ्लाइट शुरू की जाएगी।
इससे अब बरेली ही नहीं बल्कि पूरे रुहेलखंड के लोगों के लिए दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु तक का सफर काफी आसान हो जाएगा। ऐसे बहुत सारे लोगों को इससे सहूलियत मिलेगी, जो बाहर रहते हैं। उनके लिए अपने शहर में आना-जाना आसान हो जाएगा। इसके साथ ही एक बड़ा लाभ बरेली को यह होगा कि सिविल एयरपोर्ट बनने से िवकास के रास्ते खुल जाएंगे।
वर्षों से ठप पड़े बरेली के औद्योगिक विकास को भी पंख लग सकेंगे। यातायात के साधन सुलभ हो जाने से उद्यमी यहां आने का मन बनाएंगे। वहीं, अब बरेली को मेडिकल शिक्षा की तरह तकनीकी शिक्षा को भी मजबूत जमीन मिलेगी। बरेली जनपद में कई शैक्षणिक संस्थान हैं, जहां बेहतर फैकल्टी से तकनीकी शिक्षा मिलती है। फिर भी कई बार अंतरराष्ट्रीय सेमिनार कराने के लिए देश-विदेश के प्रोफेशनल और स्पीकर भी क्लास की जरूरत होती है। दिल्ली से बरेली के बीच सड़क या रेलमार्ग से 5 से 6 घंटा लगता है। तमाम ऐसे विद्यार्थी हैं जो बंगलुरू जाना चाहते हैं, उन्हें भी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
बरेली में रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, श्रीराममूर्ति मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल समेत तीन मेडिकल कॉलेज हैं। 200 से अधिक निजी अस्पताल भी हैं। फ्लाइट शुरू होने से बरेली अब देश की राजधानी से हवाई सेवा से जुड़ जाएगा। इसका सीधा फायदा मेडिकल विद्यार्थियों के साथ मरीजों को भी मिलेगा। डाक्टर्स भी मानते हैं कि फ्लाइट शुरू होने से मेडिकल क्षेत्र में लोगों को काफी मदद मिलेगी। दिल्ली में इलाज कराने के लिए जाने में समय कम लगेगा।
जरी-जरदोजी और बरेली के सुरमा का कारोबार विदेशों तक फैला है। उड़ान शुरू होने से कारोबारियों को कई गुना ज्यादा कारोबार बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। विदेशों से आने वाले ग्राहक दिल्ली तक ही पहुंचते थे। अब उनकी पहुंच बरेली तक होगी। इससे कारोबार पर सकारात्मक असर पड़ेगा। कई जरी एक्सपोर्टर का 20 देशों में गाउन और हैंडवर्क से तैयार कपड़े की सप्लाई होती है। फ्लाइट शुरू होने से एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी होगी। अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह बरेली के सिविल एयरपोर्ट से आवागमन के लिए बेहतर बंदोबस्त उपलब्ध कराए।
