बरेली: उधार के रन-वे से भर रहे उड़ान, अपने की योजना भी नहीं
अमृत विचार, बरेली। बरेली-दिल्ली के लिए उधार के रन-वे से फ्लाइट शुरू कर बरेली एयरपोर्ट ने हवाई सेवा के नक्शे में जगह तो बना ली लेकिन इस जगह को और पक्का करने के लिए एयरपोर्ट को अपना रन-वे भी भविष्य में बनवाना पड़ेगा। रन-वे न होने से फ्लाइट के आने-जाने का शेड्यूल गड़बड़ा रहा है। …
अमृत विचार, बरेली। बरेली-दिल्ली के लिए उधार के रन-वे से फ्लाइट शुरू कर बरेली एयरपोर्ट ने हवाई सेवा के नक्शे में जगह तो बना ली लेकिन इस जगह को और पक्का करने के लिए एयरपोर्ट को अपना रन-वे भी भविष्य में बनवाना पड़ेगा। रन-वे न होने से फ्लाइट के आने-जाने का शेड्यूल गड़बड़ा रहा है। इसका यात्रियों पर विपरीत असर पड़ रहा है। फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर नहीं आएगी और जाएगी तो एलाइंस एयर पर भी इसका असर पड़ेगा। 8 और 10 मार्च को फ्लाइट के आन-जाने की टाइमिंग बेहद खराब रही। इससे यात्रियों को दिल्ली जाने और वहां से बरेली आने में 30 से 70 मिनट का अधिक विलंब झेलना पड़ा।
बताते हैं कि फ्लाइट के आने-जाने के समय में एयरफोर्स के जहाजों की लैंडिंग हुई। इस कारण से एलाइंस एयर के 70 सीटर एटीआर-72 के उड़ने और लैंडिंग करने में देरी हो रही है। फ्लाइट शुरू होने के पहले दिन 8 मार्च को ही यह परेशानी सामने आ गई थी। अभी तो सप्ताह में चार दिन फ्लाइट आएगी और जाएगी लेकिन जब 29 अप्रैल से मुंबई और एक मई से बंगलुरू के लिए सप्ताह में तीन और चार फ्लाइट शुरू होंगी तो रन-वे का प्रयोग भी बढ़ेगा। इससे दिक्कतें कम होने की जगह और बढ़ेंगी। हालांकि, एयरफोर्स ने अभी तक मुंबई और बंगलुरू के लिए फ्लाइट शुरू करने के लिए इंडिगो के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है।
भविष्य में एयरपोर्ट का रन-वे बनाने की योजना नहीं है। जिन शहरों में एयरफोर्स के बेस के पास ही एयरपोर्ट बनाए गए हैं वहां एयरफोर्स का ही रन-वे प्रयोग किया जाता है। अभी दो बार फ्लाइट का आना-जाना हुआ है। बंगलुरू और मुंबई के लिए भी फ्लाइट शुरू होने पर एयरफोर्स अपने जहाज को उड़ाने और लैंड कराने का शेड्यूल भी फ्लाइट के समय को देखकर ही बनाएगा। तभी फ्लाइट को आने-जाने में विलंब नहीं होगा। मंगलवार को भी एयरफोर्स के जहाज के लैंडिंग करने की वजह से फ्लाइट विलंब से बरेली आई। -राजीव कुलश्रेष्ठ, निदेशक, एयरपोर्ट बरेली
70 मिनट देरी से पहुंची फ्लाइट, 8 मार्च के जैसा दिखा उत्साह
मंगलवार को एलाइंस एयर का एटीआर-72 विमान अपने निर्धारित समय से 70 मिनट देरी से बरेली पहुंचा जबकि विमान का 10 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचने का समय निर्धारित है। बरेली आने वाले यात्रियों का उत्साह भी पहले दिन की फ्लाइट के जैसा ही दिखा। यात्रियों ने कहा कि प्रतिदिन फ्लाइट बरेली से दिल्ली के लिए शुरू होनी चाहिए ताकि जो व्यक्ति कारोबार के अलावा मरीजों को दिखाने जाते हैं वे सुबह जाकर शाम को वापस आ सकें। 10 मार्च को दिल्ली से उड़कर फ्लाइट 11.10 बजे लैंड हुई।
बताते हैं कि दिल्ली में पेपरवर्क लेट होने की वजह से उड़ान लेट हुई। दिल्ली से इस फ्लाइट में 51 यात्री बरेली आए थे। इसके बाद बरेली एयरपोर्ट से 25 मिनट के ठहराव के बाद फ्लाइट दिल्ली के लिए भेजी गई। बरेली से 61 यात्रियों की बुकिंग थी लेकिन 55 यात्री बरेली से दिल्ली के लिए गए। इस फ्लाइट की आखिरी सीट की बुकिंग 12600 रुपये में हुई थी। दिल्ली से आने वाली फ्लाइट में कई यात्री ऐसे थे जो 8 मार्च को दिल्ली गए और बुधवार की सुबह फ्लाइट से बरेली पहुंचे।
टिकट पर अभी भी रायबरेली, अधिकारियों ने नहीं किया सही
बरेली से दिल्ली फ्लाइट की बुकिंग 31 मार्च तक की जा रही है। एलाइंस एयर की वेबसाइट के जरिए टिकट बुक किए जा रहे हैं लेकिन एलाइंस एयर की वेबसाइट पर बरेली-दिल्ली फ्लाइट के टिकट पर जो त्रुटि की गई थी उसे अब तक नहीं सुधारा गया है। बरेली टु दिल्ली की जगह टिकट पर रायबरेली टु दिल्ली लिखा आ रहा है। इससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मामले की शिकायत केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार व एलाइंस एयर के अधिकारियों से भी की गई लेकिन टिकट से रायबरेली नहीं हट सका है।
शुक्रवार, शनिवार व रविवार को जाएगी फ्लाइट
एलाइंस एयर के शेड्यूल के अनुसार, एटीआर-72 दिल्ली से बरेली के लिए 8.55 बजे उड़ेगा और 10 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगा। वहीं, बरेली एयरपोर्ट से सुबह 10.25 बजे उड़ान भरेगा तो दिल्ली 11.25 बजे पहुंचेगा। बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को फ्लाइट उपलब्ध है।
