भारत की उदारता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पाकिस्तान में जब-जब मानवता पर संकट आया भारत ने उसकी सारी करतूतों को भुलाकर सदैव उसकी मदद की है। हालिया मदद कोरोना की वैक्सीन देने की है। भारत जल्द ही पाकिस्तान को 1.6 करोड़ वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराएगा। हालांकि वैक्सीन की ये डोज द ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीन एंड इम्यूनाइजेशन के जरिए पाकिस्तान को …

पाकिस्तान में जब-जब मानवता पर संकट आया भारत ने उसकी सारी करतूतों को भुलाकर सदैव उसकी मदद की है। हालिया मदद कोरोना की वैक्सीन देने की है। भारत जल्द ही पाकिस्तान को 1.6 करोड़ वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराएगा। हालांकि वैक्सीन की ये डोज द ग्लोबल अलायंस फॉर वैक्सीन एंड इम्यूनाइजेशन के जरिए पाकिस्तान को फ्री उपलब्ध कराई जाएगी। यह संगठन गरीब देशों को कोरोना वायरस वैक्सीन मुहैया कराने के लिए बनाया गया है लेकिन भारत ने इस संगठन को पाकिस्तान के लिए वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराने से इन्कार नहीं किया, बल्कि सहर्ष इसके लिए तैयार हो गया।

भारत की पाकिस्तान के प्रति यह उदारता तब भी है जब पाकिस्तान अपनी भारत विरोध हरकतों से कभी बाज नहीं आता। जब-तब, मौका मिलते ही वह भारत विरोधी हरकतें कर रहता है। भारत में आतंकवाद बढ़ाने में पाकिस्तान की प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष भूमिका कई बार सामने आई है। घाटी में युवाओं को बहकाने में उसकी परोक्ष भूमिका सामने आ चुकी है। संघर्ष विराम के लिए कई बार सहमति होने के बाद भी उसने इसका उल्लंघन ही किया है।

भारत बार-बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पाकिस्तान की इस करतूत का उठाता रहा है और उस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव भी बना फिर भी पाकिस्तान की हरकतों में कोई सुधार नहीं है। अब जब से पाकिस्तान पर चीन का हाथ है, तब से उसने भारत विरोध के अपने तेवर और तल्ख किए हैं लेकिन पाकिस्तान को कोरोना से उबारने में भी भारत ने सहृदता दिखाई है।

भारत से कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली खेप मार्च के मध्य तक पाकिस्तान पहुंच जाएगी। इस तरह जून तक वैक्सीन की 1.6 करोड़ डोज पाकिस्तान पहुंचेंगी। भारत 65 देशों को कोरोना वायरस वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। इनमें कई देशों को ग्रांट के बेसिस पर वैक्सीन दी जा रही है, वहीं अन्य देश भारत सरकार द्वारा निर्धारित कीमत का भुगतान कर कोरोना वायरस वैक्सीन ले रहे हैं। गौरतलब है कि भारत ने श्रीलंका, भूटान, मालदीव, बांग्लादेश, नेपाल, म्यांमार और सेशेल्स सहित अनुदान सहायता वाले देशों में लगभग 56 लाख कोरोना वायरस वैक्सीन के डोज उपलब्ध कराए हैं।

बहरहाल, पाकिस्तान को भी चाहिए कि वह भी भारत को अपने प्रति उसकी उदारता को देखते हुए अपने नजरिए में बदलाव लाए और भारत विरोधी हरकतों से बाज आए।