मुरादाबाद: अखिलेश यादव ने कहा- यूपी में अब सेल्फी वाली सरकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सेल्फी वाली सरकार काम कर रही है। सरकार के पास दिखाने भर का अपना कोई काम नहीं है। इसलिए अगले चुनाव में सपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हम किसी बड़े …

मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सेल्फी वाली सरकार काम कर रही है। सरकार के पास दिखाने भर का अपना कोई काम नहीं है। इसलिए अगले चुनाव में सपा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हम किसी बड़े दल से दोस्ती नहीं करेंगे। छोटे दलों से हम मिलकर राज्य की सत्ता पर काबिज होंगे।

पार्टी के मंडलीय शिविर में शामिल होने आए यादव ने पाकबड़ा स्थित रीजेंसी होटल में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने काम किया है। मीडिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ली गई सेल्फी सुर्खी बनी है। इस आधार पर हम कह सकते हैं कि राज्य में अब सेल्फी वाली सरकार काम कर रही है। यहां कार्य के उद्घाटन का उद्घाटन होता है। दूसरे काम को अपना काम बताया जा रहा है। दूसरी सरकार के एमओयू को अपने काम में दिखाया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने नोटबंदी, कृषि कानून सहित केंद्र सरकार के कार्यों पर हमला बोला। कहा कि नोटबंदी से देश की रफ्तार रुक गई। मुरादाबाद जैसे शहर की दस्तकारी, निर्यात और हुनरमंदी खतरे में पड़ गई। कोरोना के दौर में केंद्र सरकार के गलत फैसले का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। नोटबंदी के बाद जीएसटी का कारोबार को परेशान कर दिया। राज्य और केंद्र सरकार से जनता का मन ऊब गया है।

उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून किसान गरीब और मजदूरों को बर्बाद करने वाले हैं। अगर यह कानून लागू हो गया तो किसानों को खेती बेचनी पड़ेगी। पैदावार की सही कीमत नहीं मिलेगी। समाजवादी पार्टी की मांग है कि सरकार इन फैसलों से मंडियों को बचाएं। यादव ने कहा कि कृषि कानून एक तरीके से किसानों के लिए डेथ वारंट साबित होने जा रही है। महंगाई चरम सीमा पर है। डीजल, गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं। सरकार से सपा पूछ रही है की महंगाई से मुनाफे कहां जा रहे हैं? सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोला।

कहा, उन्हें लैपटाप चलाने नहीं आता। इसलिए नौजवानों को लैपटाप नहीं देते। हमने एम्बुलेंस की सेवा दी। पुलिस डायल 100 दिया। जिसका नाम बदल कर सरकार अपना पीठ थपथपा रही है। यहां लोकतंत्र खतरे में है। ऐसे में समाजवादी पार्टी सेकुलर तरीके से लोकतंत्र को बचाएगी। एक सवाल के जवाब में कहा कि सपा सांसद आजम खान के साथ सरकार ज्यादती कर रही है। पार्टी इस मुद्दे पर ताकत के साथ लड़ेगी। बंगाल में ममता बनर्जी के पक्ष में वहां की जनता है। जबकि उत्तराखंड की तरह यूपी में भी भाजपा कार्रवाई कर सकती है। यहां भी सरकार का चेहरा बदल सकता है।

अखिलेश की झलक पाने को बेताब रहे सपाई
मुरादाबाद। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की झलक पाने को सपाई बेताब रहे। होटल रीजेंसी के बाहर कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। पूर्व मुख्यमंत्री के होटल पहुंचने में विलंब के चलते आसपास कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ गई। इस दौरान सुरक्षा कारणों से होटल का मुख्य द्वार तक बंद कर दिया गया। जिसकी वजह से एक सांसद सहित तमाम वरिष्ठ सपाई बाहर ही खड़े रहे। जबकि उनके साथ संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नरेश पटेल उत्तम, सांसद शफीकुर्रहमान बर्क, नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा,एमएलसी सुनील साजन, आनंद भदौरिया, विधायक पिंकी यादव, हाजी इकराम कुरैशी, मो. फहीम, सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और कई पूर्व विधायक मौजूद रहे।

संबंधित समाचार