काशीपुर: निजी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
काशीपुर, अमृत विचार। एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। मृतका की मई माह शादी होने वाली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतका के शव को परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता ने कुंडेश्वरी निवासी एक …
काशीपुर, अमृत विचार। एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। मृतका की मई माह शादी होने वाली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतका के शव को परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता ने कुंडेश्वरी निवासी एक युवक पर पुत्री को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
मूल रूप से जनपद अल्मोड़ा व हाल वैशाली कॉलोनी निवासी रिटायर्ड कैप्टन जीवन सिंह डांगी के एक पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। बेटियों में सबसे छोटी आशा डांगी (26) एक स्कूल में पिछले कुछ समय से पढ़ा रही है। आशा ने बीएड करने के बाद हाल में ही सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीटेट) भी पास कर लिया था। आगामी 4 मई को उसकी शादी होने वाली थी। बताते हैं कि बीती शुक्रवार को रिटायर्ड कैप्टन जीवन सिंह डांगी के भतीजे का जन्मदिन था। जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के सभी लोग वहां गए थे। जबकि आशा डांगी घर में थी।
परिजनों ने बताया कि शाम लगभग 4 बजे जब वह जन्मदिन समारोह से वापस घर लौटे तो मकान के सभी दरवाजे खिड़कियां खुले थे और आशा चुन्नी के सहारे फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मृतका के पिता ने बताया कि पहले उन्होंने पुत्री के रिश्ते की बात कुंडेश्वरी निवासी फौज में कार्यरत युवक के साथ चलाई थी। लेकिन युवक के पिता ने जब रिश्ते की जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया तो उन्होंने बेटी की शादी रामनगर में तय कर दी। मृतका के पिता ने बताया कि शुक्रवार को जब उसका परिवार जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। इस दौरान कुंडेश्वरी निवासी युवक दो अज्ञात लड़कियों के साथ उसके घर आया था। शाम 4 बजे के लगभग जब वह घर लौटे तो पुत्री का शव घर के कमरे में फांसी पर झूलता पाया गया। उन्होंने कहा कि पुत्री का दाह संस्कार करने के बाद उनके द्वारा युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाही को लेकर तहरीर दी जाएगी। इधर आईटीआई थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी ने बताया कि तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
