बरेली: टेंपो-बस चालक फिर भिड़े, सेटेलाइट पर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बीसलपुर-भुता रोड पर टेंपो संचालन को लेकर शनिवार को फिर टेंपो और प्राइवेट बस चालकों के बीच टकराव हो गया। सेटेलाइट चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ। बीसलपुर रोड पर टेंपो चलाने का समर्थन करते हुए भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) के कार्यकर्ता पहुंच गए। इसके बाद सेटेलाइट चौराहे पर बस चालकों और भाकियू …

अमृत विचार, बरेली। बीसलपुर-भुता रोड पर टेंपो संचालन को लेकर शनिवार को फिर टेंपो और प्राइवेट बस चालकों के बीच टकराव हो गया। सेटेलाइट चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ। बीसलपुर रोड पर टेंपो चलाने का समर्थन करते हुए भारतीय किसान यूनियन (राष्ट्रीयतावादी) के कार्यकर्ता पहुंच गए। इसके बाद सेटेलाइट चौराहे पर बस चालकों और भाकियू कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।

गाली-गलौज के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि प्राइवेट बस संचालकों ने भाकियू (राष्ट्रीयतावादी) के जिलाध्यक्ष को जलाकर मारने की धमकी दी। इससे हालात तनावपूर्ण होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। टेंपो यूनियन द्वारा एक टेंपो को बीसलपुर रोड की सवारियां लेकर भेजने को लेकर टकराव बढ़ गया। इससे चौराहे पर जाम लग गया। किसी तरह ट्रैफिक पुलिस ने बीचबचाव करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।

सेटेलाइट से लेकर बीसलपुर रोड पर हरुनगला पुल तक देहात परमिट के टेंपो का संचालन अवैध रूप से हो रहा है। इस वजह से प्राइवेट बस संचालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ माह पूर्व भी टेंपो संचालन को लेकर टेंपो चालक और प्राइवेट बस चालकों के बीच टकराव के बाद हाथापाई हुई थी। मामला एआरटीओ प्रवर्तन तक पहुंचा था। एआरटीओ ने कार्रवाई के नाम पर खानापूरी की।

इधर, शनिवार को सेटेलाइट चौराहे पर देहात परमिट के टेंपो और प्राइवेट बस संचालकों के बीच फिर विवाद हो गया। टेंपो वालों के समर्थन में भाकियू (राष्ट्रीयतावादी) संगठन के पदाधिकारी भी आ गए। भाकियू के जिलाध्यक्ष अशर्फी लाल कन्नौजिया का कहना था कि बीसलपुर मार्ग पर टेंपो चलाने के लिए उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को 8 मार्च को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा था जिसमें बीसलपुर रोड पर टेंपो का केंद्र बनाने, डग्गामारी पर रोक लगाने, सवारियों के पीछे टेंपो चालकों के साथ मारपीट करने वालों की पहचान करने समेत कई मांगें शामिल थीं।

यह भी मांग थी कि जब तक बीसलपुर रोड पर टेंपों वालों का केंद्र नहीं बन जाता, तब तक उन्हें टेंपो चलाने की अनुमति दी जाए। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने संबंधित चार विभागों को इस पर उचित कार्रवाई के लिए पत्र भी लिखा था। सिटी मजिस्ट्रेट के लिखे हुए पत्र को लेकर भाकियू यूनियन के पदाधिकारी सेटेलाइट चौकी इंचार्ज को सौंपने गए थे, लेकिन मामला तब बिगड़ गया जब भाकियू के लोगों ने एक टेंपों को सेटेलाइट से सवारियां भरवाकर बीसलपुर रोड के लिए रवाना कर दिया। इसका प्राइवेट बस चालकों ने विरोध शुरू कर दिया। इससे दोनों पक्षों के बीच टकराव के बाद हंगामा हुआ।

बस संचालकों पर लगाए गए आरोप निराधार हैं जब टेंपो वालों से यह कहा गया कि उन्हें सेटेलाइट से बीसलपुर रोड पर टेंपो चलाने की अनुमति नहीं है तो वह बदतमीजी पर उतारू हो गए। किसी हालत में देहात परमिट के टेंपो का सेटेलाइट से बीसलपुर रोड के लिए संचालन नहीं होने देंगे। -राकेश कालरा, अध्यक्ष बरेली प्राइवेट बस एसोसिएशन

संबंधित समाचार