हल्द्वानी: गौलापार के किशनपुर में बनेगा नया पावर हाउस, भेजा गया प्रस्ताव
अश्वनी श्रीवास्तव, हल्द्वानी। गौलापुर की जनता को अब बिजली की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। यहां की बढ़ती हुई आबादी को देखते हुए एक नये पावर हाउस का निर्माण कराने का फैसला विद्युत वितरण निगम के अधिकारी कर चुके हैं। पावर हाउस के निर्माण को लेकर अधिकारियों ने इसके लिए जमीन तलाशनी शुरू कर दी …
अश्वनी श्रीवास्तव, हल्द्वानी। गौलापुर की जनता को अब बिजली की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। यहां की बढ़ती हुई आबादी को देखते हुए एक नये पावर हाउस का निर्माण कराने का फैसला विद्युत वितरण निगम के अधिकारी कर चुके हैं। पावर हाउस के निर्माण को लेकर अधिकारियों ने इसके लिए जमीन तलाशनी शुरू कर दी है। बताया जाता है कि जमीन फाइनल हाते ही यहां नये पावर हाउस के निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक विद्युत वितरण निगम के अधिकारी इन दिनों गौलापार इलाके में पावर हाउस के निर्माण को लेकर जगह की तलाश में लगे हुए हैं। उनकी पहली प्राथमिकता इस पावर हाउस को किशनपुर में निर्माण कराए जाने की है। इसलिए किशनपुर में जमीन की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि क्षेत्र में बढ़ रही आबादी के चलते गौलापार इलाके में लोड भी बढ़ रहा है। जिसके चलते हल्द्वानी पावर हाउस से इस इलाके में बिजली आपूर्ति संभव नहीं है। नतीजतन गौलापार एक नये पावर हाउस को बनाए जाने का फैसला विभाग के बड़े अधिकारियों ने लिया है।
इसकी एक वजह यह भी है कि हल्द्वानी शहर से अधिक लोग अब गौलापार इलाके को रहने के लिए पसंद कर रहे हैं। जिसके चलते गौलापार में अधिकतर लोग घर बना रहे हैं। लोगों के बसने से यहां बिजली का लोड भी दिन बा दिन बढ़ता जा रहा है। इसलिए आने वाले दिनों में यहां एक नये पावर हाउस की आवश्यकता होगी।
नई आबादी वाले इस क्षेत्र की आबादी बढ़ने से पहले बिजली विभाग यहां नये पावर हाउस का निर्माण कराकर गौलापार बसे लोगों को बिजली संकट की समस्या से निजात दिलाना चाहता है। इसलिए इस नये पावर हाउस के निर्माण का प्रस्ताव बनाकर उसने पावर कॉरपोरेशन को भेज दिया है। इस प्रस्ताव की पुष्टि विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता डीएस बिष्ट ने करते हुए बताया कि गौलापार इलाके में अब लोग बसना पसंद कर रहे हैं। इसलिए अब लोड बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर नये पावर हाउस का प्रस्ताव मांगा गया था। जिसको बनाकर भेज दिया गया है।
