मुरादाबाद: दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को दिया तलाक, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को तलाक देने और उत्पीड़न करने के मामले में बिलारी और मझोला थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। थाना बिलारी के मोहल्ला ठाकुरान निवासी साजिदा उर्फ पिंकी ने 10 …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी को तलाक देने और उत्पीड़न करने के मामले में बिलारी और मझोला थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। थाना बिलारी के मोहल्ला ठाकुरान निवासी साजिदा उर्फ पिंकी ने 10 मार्च को थाने में पति के खिलाफ तहरीर दी थी। साजिदा का कहना है कि मेरे पिता मोहम्मद तौफीक ने शादी में क्षमता से अधिक दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले खुश नहीं थे।

शादी के कुछ दिन बाद से ही एक लाख रुपए और कार की मांग करने लगे। पिता की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते ससुरालियों की मांग पूरी नहीं की गई। जिस पर ससुराली उत्पीड़न करने लगे। एक दिन हमारे शरीर पर गर्म पदार्थ डाल दिये, जिससे मेरा हाथ झुलस गया।

इसके बाद जिला सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरायतरीन निवासी पति तौसीफ अली ने उसे तलाक दे दिया और गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर बिलारी पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस तभी से आरोपी की तलाश कर रही थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तौसीफ अली को गिरफ्तार कर लिया।

उधर, मझोला थाने में बीती 19 दिसंबर 2020 को आजाद नगर पानी की टंकी के पास रहने वाली फरहा नाज ने अपने ससुराल वालों पर दहेज मांगने और मांग पूरी न होने पर पति द्वारा तलाक देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पीड़िता का कहना था कि उसके पिता अशफाक हुसैन ने शादी में काफी दहेज दिया था, मगर ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपए की मांग कर रहे थे। उसने विरोध किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और पति दानिश ने उसे तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। रविवार को मझोला थाना पुलिस ने फरहा नाज के पति दानिश निवासी दिल्ली के सदर बाजार थाना क्षेत्र के शीशमहल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज