बरेली: ऐलन क्लब मंडी के लिए नहीं मिला ठेकेदार, नीलामी स्थगित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ऐलन क्लब के सामने सब्जी मंडी के लिए कोई भी ठेकेदार नहीं मिल सका है। कोई भी बाोलीदाता 36.30 लाख रुपये में ठेका लेने को तैयार नहीं हुआ। नीलामी प्रक्रिया में शामिल लोगों का कहना था कि सब्जी मंडी का इतना महंगा ठेका लेकर ठेकेदारों को काफी नुकसान होगा। पिछले साल कोरोना …

बरेली, अमृत विचार। ऐलन क्लब के सामने सब्जी मंडी के लिए कोई भी ठेकेदार नहीं मिल सका है। कोई भी बाोलीदाता 36.30 लाख रुपये में ठेका लेने को तैयार नहीं हुआ। नीलामी प्रक्रिया में शामिल लोगों का कहना था कि सब्जी मंडी का इतना महंगा ठेका लेकर ठेकेदारों को काफी नुकसान होगा।

पिछले साल कोरोना काल की वजह से दुकानदारों से वसूली नहीं हो पाई। हालांकि, नगर निगम के अधिकारी इस पर सहमत नहीं हुए। उन्होंने नीलामी प्रक्रिया स्थगित कर दी। बुधवार को नगर आयुक्त के नेतृत्व में टीम इस सब्जी मंडी का ठेका देने के लिए दोबारा नीलामी की तिथि निर्धारित करने को लेकर फैसला लेगी।

नगर निगम हर साल ऐलन क्लब मंडी के साथ सीबीगंज और श्यामगंज सब्जी मंडी का ठेका देता है। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के साथ राजस्व अनुभाग के अधिकारियों ने नगर निगम सभागार में नीलामी प्रक्रिया शुरू की। इस मंडी का ठेका लेने के लिए शामिल बोलीदाताओं ने नगर निगम के अधिकारियों के सामने यह दिक्कत बताई थी कि पिछले साल इस मंडी का एक साल का ठेका 36.30 लाख रुपये में उठा था। करीब पौने सात लाख रुपये जीएसटी और स्टांप आदि का खर्च मिलाकर ठेकेदारों का इस सब्जी का ठेका करीब 44 लाख रुपये में उठता है। इस सब्जी मंडी से इतनी वसूली नहीं हो पा रही थी।

पिछले साल कोरोना की वजह से भी इस मंडी का इतना महंगा ठेका लेने वाले ठेकेदारों को काफी नुकसान हुआ है। बोलीदाताओं ने इन हालातों को देखते हुए इस बार इस मंडी की नीलामी की न्यूनतम धनराशि कम करने की अपील अधिकारियों से की लेकिन इस पर त्वरित सहमति नहीं बन, इसलिए ठेका देने की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद इस सब्जी मंडी का ठेका देने संबंधी कुछ महत्वपूर्ण फैसले अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक करके लेंगे। इस नीलामी में बोलीदाता सुंदरम सक्सेना, दीनदयाल गंगवार और सरोज शामिल हुए। इसका संचालन जयपाल सिंह पटेल ने किया।

श्यामगंज मंडी से महंगा उठा सीबीगंज मंडी का ठेका
नगर निगम में मंगलवार को श्यामगंज सब्जी मंडी का ठेका देने की प्रक्रिया हुई। इसमें समीद सिद्दीकी, नरेंद्र प्रकाश और प्रगति अरोरा शामिल हुए। इसमें सर्वाधिक बोली लगाने वाले समीद सिद्दीकी को 5.60 लाख रुपये में ठेका दे दिया गया। सीबीगंज सब्जी मंडी का ठेका 6.55 लाख रुपये में उठा। इसमें समीद सिद्दीकी, प्रगति अरोरा व नरेंद्र प्रकाश ने बोली लगाई।

संबंधित समाचार