हल्द्वानी: बारिश से पहले पूरा करें पाइप लाइन बिछाने का काम- मजहर नईम नवाब
हल्द्वानी, अमृत विचार। अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष मजहर नईम नवाब ने बुधवार को जवाहर नगर स्थित आवास में बनभूलपुरा क्षेत्र में 19 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जा रही अमृत पेयजल योजना की समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को बारिश के सीजन से पूर्व काम खत्म करने के निर्देश दिए। नवाब …
हल्द्वानी, अमृत विचार। अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष मजहर नईम नवाब ने बुधवार को जवाहर नगर स्थित आवास में बनभूलपुरा क्षेत्र में 19 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जा रही अमृत पेयजल योजना की समीक्षा की। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को बारिश के सीजन से पूर्व काम खत्म करने के निर्देश दिए।
नवाब ने पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता को राजपुरा, जवाहर नगर, बनभूलपुरा, इंदिरा नगर, बडी लाईन, छोटी लाइन आदि क्षेत्रों के मेन सड़कों के संग ही गलियों, बचे हुए क्षेत्रों में भी पेयजल लाइन बिछाने के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता व समयबद्धता का विशेष ध्यान दिया जाए। सख्त लहजे में कहा कि बारिश से पूर्व लाइन बिछाने का काम पूरा हो जाए और घरों में कनेक्शन दे दिए जाएं ताकि घरों में दूषित पानी की सप्लाई नहीं हो। इस दौरान जिला समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमन अनिरूद्ध, ईई पेयजल निर्माण निगम मृदुला सिंह, सहायक अभियंता एके जोशी, नायब तहसीलदार एचसी बुधलाकोटी, नगर शिक्षा अधिकारी हरीश बिष्ट, इसरार हुसैन, फारूख अंसारी, नाजिम, सुलेमान अनवार, पार्षद महेश आदि मौजूद थे।
अल्पसंख्यक स्कूलों के लिए पीएम जनविकास कार्यक्रम से मिलेगा बजट
अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष मजहर नईम नवाब ने कहा कि अल्पसंख्यक स्कूलों को पीएम जनविकास कार्यक्रम में बजट आवंटित कराया जाएगा। उन्होंने राकइंका बनभूलपुरा मं एक हॉल व दस कमरे का एस्टीमेट बनाने के निर्देश जिला अल्पसंख्यक अधिकारी को दिए। उन्होंने बताया कि इसी योजना में काठगोदाम कब्रिस्तान के चारों ओर बाउंड्रीवाल के लिए 61 लाख रुपये पेयजल निगम को दे दिए गए हैं। ईई पेयजल निर्माण निगम को जल्द काम शुरू कराने को कहा। इसी योजना में नैनीताल में धोबीघाट कृष्णापुर कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए 39.53 लाख, भवाली सेनेटोरियम के पास मुस्लिम कब्रिस्तान के लिए 16.42 लाख रुपये का बजट दिया गया है। गौजाजाली जोशी विहार में विश्व बैंक योजना से 20 करोड़ से नलकूप व पेयजल लाईन, ओवर हेड टेंक टेंडर का काम भी जल्द शुरू करने को कहा।
