हल्द्वानी: सड़क खुदाई के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त, 12 हजार घरों में रही पानी की किल्लत
हल्द्वानी, अमृत विचार। जेसीबी से कराई जा रही सड़क खुदाई के दौरान जल संस्थान की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से तकरीबन 12 हजार घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। पनचक्की चौराहे से लेकर मुखानी चौराहे तक बसी काॅलोनियों में पानी की किल्लत के कारण बुधवार को लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जेसीबी से कराई जा रही सड़क खुदाई के दौरान जल संस्थान की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से तकरीबन 12 हजार घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। पनचक्की चौराहे से लेकर मुखानी चौराहे तक बसी काॅलोनियों में पानी की किल्लत के कारण बुधवार को लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित रहे। लोगों की शिकायत पर हालांकि जलसंस्थान ने टैंकरों द्वारा भी आपूर्ति करवाई, लेकिन इसके बावजूद लोगों को पर्याप्त पेयजल मुहैया नहीं कराया जा सका।
मालूम हो कि शहर में एसपीएल कंपनी द्वारा हल्द्वानी की जनता को पाइप लाइन के जरिए रसोई गैस देने के लिए पनचक्की चौराहे के पास जेसीबी से सड़क की खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। जिसके कारण बुधवार को सड़क के नीचे पहले से जलसंस्थान की पड़ी मुख्य पाइप लाइन इस खुदाई की चपेट में आ गई। इससे लोगो के घरों में की जा रही पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। सुबह से ही लोगों के घरों में पानी न आने के कारण बुधवार को इस सड़क के दोनों तरफ बसी करीब एक दर्जन काॅलोनियों में पानी का संकट उत्पन्न हो गया। नतीजतन बसंत विहार, अशोक विहार, जेके पुरम और आनंद विहार समेत एक दर्जन काॅलोनियों में पानी का संकट बना रहा।
दो दिन पहले भी जेसीबी से सड़क खुदाई के दौरान पेयजल के लिए जलसंस्थान द्वारा बिछाई गई इस पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने से लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा था। यही नहीं पानी के संकट से जूझ रही बसंत बिहार काॅलोनी की महिलाओं ने जलसंस्थान कार्यालय में पानी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन भी किया था। जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने इस क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य पूरा कर एक दिन पहले ही इस लाइन को चालू किया था। मुश्किल से एक ही दिन पानी इस क्षेत्र की जनता को मिला था कि फिर से लाइन खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त हो गई।
विभाग के सहायक अभियंता बताते हैं कि खुदाई के कारण मुख्य पेयजल की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे पानी का संकट है। कर्मचारियों को भेजकर पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। जबकि खुदाई का कार्य करा रहे ठेकेदार बिक्की खान का कहना है कि इस बात का ध्यान उनके द्वारा रखा जा रहा है, खुदाई के दौरान टूटने वाली पाइप ठीक होने पर उसकी मरम्मत भी कराई जा रही है। फिलहाल लगभग 12 हजार घरों को इस पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
