मुरादाबाद: करूला में बारातियों को बंधक बनाकर पीटा, युवतियों के साथ सेल्फी खींचने को लेकर हुआ विवाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में आई बारात को लड़की पक्ष के लोगों ने बंधक बना लिया। बारातियों द्वारा युवतियों संग सेल्फी खींचने को लेकर हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि बारातघर के दरवाजे बंद कर बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। बचने के लिए तमाम बाराती दीवार फांदकर भाग गए। मारपीट में पांच बारातियों …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में आई बारात को लड़की पक्ष के लोगों ने बंधक बना लिया। बारातियों द्वारा युवतियों संग सेल्फी खींचने को लेकर हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि बारातघर के दरवाजे बंद कर बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। बचने के लिए तमाम बाराती दीवार फांदकर भाग गए। मारपीट में पांच बारातियों के सिर फूट गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में हुई दोनों पक्षों की पंचायत के बाद आपसी सुलह हुई। देर शाम निकाह की रस्में पूरी होने पर दुल्हन को विदा कर दिया गया। हंगामा कटघर थाना क्षेत्र में करूला स्थित बारातघर में हुआ।

बताते हैं कि गांगनवाली मैनाठेर निवासी ग्रामीण ने बेटी का रिश्ता ग्राम असदपुर निवासी युवक के साथ किया था। गुरुवार को गांव से बारात करुला स्थित बारात घर में आई थी। बारात चढ़त के बाद निकाह की तैयारियां शुरू हो गईं। साथ ही बारातियों को खाना खिलाने का कार्यक्रम भी शुरू हो गया। बताते हैं कि बारात में शामिल गांव के तीन युवक कन्या पक्ष की ओर से आई कुछ युवतियों की फोटो खींच रहे थे।

युवतियों ने विरोध भी किया। लेकिन, वे नहीं माने। हद तो तब हो गई, जब युवकों ने उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास शुरू कर दिया। इस पर उन्होंने इसकी शिकायत परिजनों से कर दी, जिस पर परिजनों ने उनको टोकते हुए हड़काया तो युवक झगड़ा करने पर आमादा हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए कन्या पक्ष के लोगों ने बारातघर के सभी दरवाजे बंद कर पूरे बारातियों को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने युवकों की पिटाई शुरू कर दी। उनको बचाने के लिए अन्य बाराती आए तो सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

अचानक मारपीट होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बचने के लिए बाराती दीवार फांदकर भागने लगे। हंगामा होने की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाकर मामले को शांत कराया। हालांकि तब तक मारपीट में पांच बारातियों के सिर फूट चुके थे। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। दूल्हा पक्ष के लोगों ने गलती मानकर मामले को शांत कराया। देर शाम निकाह की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन विदा हो गई। इस मामले में कटघर एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि आपसी समझौते के बाद मामला शांत हो गया। अगर कोई तहरीर देता है तो उस पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार