बरेली: अक्षर विहार पार्क को नुकसान नहीं पहुंचा सकेंगे अराजक तत्व
अमृत विचार, बरेली। अक्षर विहार पार्क पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। सुरक्षा के इंतजाम न होने से अराजक तत्व बार-बार पार्क को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके लिए नगर निगम ने पार्क की कैंटीन का ठेका दो साल के लिए दे दिया है। नगर निगम ठेकेदार से करीब 1.25 लाख रुपये सालाना वसूलेगा। …
अमृत विचार, बरेली। अक्षर विहार पार्क पर लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। सुरक्षा के इंतजाम न होने से अराजक तत्व बार-बार पार्क को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके लिए नगर निगम ने पार्क की कैंटीन का ठेका दो साल के लिए दे दिया है। नगर निगम ठेकेदार से करीब 1.25 लाख रुपये सालाना वसूलेगा।
कैंटीन संचालन के साथ ही ठेकेदार को पार्क के रखरखाव के लिए गार्ड रखने सहित अन्य खर्च खुद वहन करने होंगे। पार्क के नुकसान की भरपाई भी ठेकेदार को करनी होगी। नगर निगम अक्षर विहार तालाब और पार्क का सौंदर्यीकरण अमृत योजना के साथ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत भी करा रहा है।
यहां भी कैंटीन, पार्क में आने वालों के लिए बेंच, फुटपाथ भी बनाए गए हैं। इसमें स्मार्ट सिटी की धनराशि भी लगाई जा रही है। बताते हैं कि यहां कैंटीन लगभग दो साल पहले ही बनकर तैयार हो गई थी लेकिन अराजक तत्व बार-बार कैंटीन और उसके पास बने शौचालयों को नुकसान पहुंचा रहे थे।
कई बार उसकी टोटियां व दूसरे सामान चोरी हो चुके हैं। कैंटीन का शटर भी चोरी हो चुका है। इससे नगर निगम को काफी नुकसान पहुंच रहा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पार्क को क्षति पहुंचाने से रोकने के लिए उसकी पहरेदारी और निगरानी करना बेहद जरूरी था लेकिन नगर निगम के पास कोई व्यवस्था नहीं थी।
इसलिए अक्षर विहार में बनी कैंटीन का ठेका करीब 1.25 लाख रुपये सालाना के हिसाब से दे दिया गया है। पार्क को अगर कोई नुकसान पहुंचाता है तो उसकी मरम्मत पर खर्च होने वाली रकम की क्षतिपूर्ति ठेकेदार से ली गई 10 लाख रुपये जमानत धनराशि से होगी। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इसका ठेका होने के बाद एक बड़ी दिक्कत का समाधान हो गया है।
पार्क में आने वालों से फिलहाल नहीं ली जाएगी कोई फीस
इस पार्क के सौंदर्यीकरण पर काफी रकम खर्च हुई है। यह पार्क अभी दो साल के लिए अस्थायी ठेके पर दिया गया है। ठेकेदार का काम अगर संतोषजनक रहता है तो उसका ठेका दस साल के लिए बढ़ा दिया जाएगा। पार्क में आने वाले लोगों के लिए अभी कोई फीस न लेने की जानकारी दी गई है।
