बरेली: दो हजार के नोट कहीं ‘कालाधन’ तो नहीं बन गए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। कालेधन पर रोक लगाने को सरकार ने नोटबंदी की थी। इसके बाद बाजार में दो हजार रुपये का नया नोट लाया गया लेकिन अब ये नोट बाजार ही नहीं जिले के 90 फीसदी एटीएम से भी गायब हो गए हैं। 70 प्रतिशत एटीएम से इन नोटों की कैश-ट्रे (कैसेट) हटा दी गई …

अमृत विचार, बरेली। कालेधन पर रोक लगाने को सरकार ने नोटबंदी की थी। इसके बाद बाजार में दो हजार रुपये का नया नोट लाया गया लेकिन अब ये नोट बाजार ही नहीं जिले के 90 फीसदी एटीएम से भी गायब हो गए हैं। 70 प्रतिशत एटीएम से इन नोटों की कैश-ट्रे (कैसेट) हटा दी गई है। इसके पीछे दो कारण बताए जा रहे हैं।

पहला यह कि नोटबंदी के बाद लोगों ने बड़ा नोट होने की वजह से इन्हें जमा करना शुरू कर दिया है। दूसरा यह कि आरबीआई ने छपाई बंद कर इनकी जगह पांच सौ रुपये के नोटों की सप्लाई बढ़ा दी है। इधर, बैंक अफसरों का कहना है कि बाजार से भी लंबे समय से बैंक शाखाओं में दो हजार रुपये के नोट नहीं पहुंच रहे हैं। जो पहुंच रहे हैं एटीएम उन्हें गंदा या मुड़ा हुआ होने के कारण रिजेक्ट कर दे रहा।

सबसे ज्यादा व्यापारियों को हो रही दिक्कत
व्यापारियों के पास जो भुगतान आ रहा है, उसमें 40 प्रतिशत तक छोटे नोट दस, बीस, पचास और सौ रुपये के आ रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों को इन रुपयों को जमा करने में परेशानी हो रही है क्योंकि बड़े नोट जेब में रखकर बड़ी राशि बैंक तक ले जाई जा सकती है लेकिन छोटे नोटों की संख्या अधिक होने के कारण व्यापारियों को पैसा बैंक तक ले जाने में काफी परेशानी होती है। सबसे बड़ा खतरा सुरक्षा का रहता है।

अफसरों का तर्क, आरबीआई ने सप्लाई कर दी कम
बैंक अधिकारियों का कहना है कि आरबीआई ने ही दो हजार रुपये के नोटों की सप्लाई कम कर दी है। मांग के अनुरूप जो पैसा आ रहा उसमें पांच सौ और छोटे नोटों की सप्लाई हो रही है। बाजार में चर्चा है कि जिस तरह लोगों ने पांच सौ और एक हजार रुपये के नोटों को कालेधन के रूप में जमा किया था। उसी तरह अब दो हजार रुपये के नोट जमा कर रहे हैं।

इसलिए हटाई गई दो हजार रुपये के नोटों की कैश ट्रे
एटीएम में करेंसी डालने वाली एक कंपनी के कर्मचारी ने बताया एटीएम में पांच सौ और दो हजार रुपये के नोटों की कैश ट्रे होती है। दो हजार रुपये के नोट न आने के कारण कम करेंसी ही आ पा रही थी। इसलिए दो हजार वाली कैश ट्रे हटाकर पांच सौ और दो सौ रुपये के नोट वाली कैश ट्रे लगाई गई है।

जिले में हैं कुल 483 एटीएम
विभिन्न बैंकों के जिले में कुल 483 एटीएम हैं। इसके अलावा कुछ निजी कंपनियों के भी एटीएम लगे हैं। एलडीएम एमएम प्रसाद के मुताबिक, मांग के बावजूद लंबे समय से आरबीआई से दो हजार रुपये के नोट नहीं मिल रहे। वर्तमान में पांच सौ, दो सौ और सौ रुपये के नोट ज्यादा चलन में हैं। एटीएम की करेंसी चेस्ट में भी दो हजार रुपये के नोट नहीं मिलने की वजह से पांच सौ रुपये के नोट डाले जा रहे हैं।

संबंधित समाचार