बरेली: सड़क समतल नहीं की, टूटने लगे सीवर लाइन के ढक्कन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान के सामने सीवर लाइन का काम लगभग 10 दिन पहले पूरा हो गया है लेकिन सड़क को पत्थर डालकर समतल नहीं किया गया है। सड़क को समतल न करने की वजह से वाहन गड्ढों से होकर गुजर रहे हैं और बीच में पड़ने वाले सीवर लाइन के ढक्कन से भी …

अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान के सामने सीवर लाइन का काम लगभग 10 दिन पहले पूरा हो गया है लेकिन सड़क को पत्थर डालकर समतल नहीं किया गया है। सड़क को समतल न करने की वजह से वाहन गड्ढों से होकर गुजर रहे हैं और बीच में पड़ने वाले सीवर लाइन के ढक्कन से भी टकरा रहे हैं।

इसकी वजह से सीवर लाइन का ढक्कन टूट गया है। इसी तरह अन्य जगहों में बिना सड़क को समतल किए यातायात चालू करने से ढक्कन खराब हो रहे हैं या वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ रहा है।

चौकी चौराहे से गांधी उद्यान तक सीवर लाइन की खुदाई का कार्य 12 मार्च तक पूरा करना था। खुदाई का काम लगभग पूरा हो गया लेकिन कुछ हिस्से में अभी भी पानी भरा होने से काम छोड़ दिया गया। इसकी वजह से सड़क को पत्थर डालकर समतल नहीं किया गया लेकिन उससे पहले ही ट्रैफिक चालू कर दिया गया।

ट्रैफिक तो रोटरी पार्क से घुमाकर चालू किया गया लेकिन बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। इसकी वजह से वाहन फंसकर निकलने लगे। 50 मीटर के रास्ते में बीच में एक सीवर लाइन का ढक्कन भी बाहर निकला था। इससे लगातार वाहन टकरा रहे थे जिससे ढक्कन टूट गया। इसी तरह से प्रभा टॉकिज के आगे सड़क को पत्थर और रेता डालकर समतल तो कर दिया गया है लेकिन इस पर भी बीच-बीच में ढक्कर उभरे हुए हैं जिससे वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। यही नहीं पानी का छिड़काव न होने से रेत उड़ रही है।

चौकी चौराहे से एडीएम कम्पाउंड तक सीवर लाइन का कार्य पूरा कर पत्थर भी डाल दिए गए हैं। 20 मार्च तक इस पर हॉटमिक्स सड़क तैयार करनी थी लेकिन रविवार तक सड़क नहीं पड़ी थी। इसी तरह से गांधी उद्यान से बियावानी कोठी तक पत्थर डालने का काम 20 मार्च तक पूरा करना था जो रविवार तक भी नहीं हो सका था।

बियावानी कोठी से ईसाइयों की पुलिया तक 10 मार्च तक खुदाई का कार्य पूरा करना था जो अभी तक नहीं हुआ। इस सड़क पर 25 मार्च तक पत्थर डालने का कार्य पूरा करना है लेकिन जब खुदाई ही पूरी नहीं हुई तो पत्थर कहां से समय से पड़ जाएंगे। इसी तरह से बरेली कॉलेज से नगर निगम होते हुए पटेल चौक तक भी कार्य पूरा न होने से दिक्कतें हो रही हैं।

संबंधित समाचार