बरेली: कृषि मंत्री बोले-हमारा काम बोलता नहीं, दिखाई देता है
अमृत विचार, बरेली। बदायूं में आयोजित विराट किसान रैली में शामिल होने जा रहे कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के मंत्री सूर्य प्रताप शाही मंगलवार सुबह सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई। तीनों कृषि कानूनों को किसान के जीवन में …
अमृत विचार, बरेली। बदायूं में आयोजित विराट किसान रैली में शामिल होने जा रहे कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के मंत्री सूर्य प्रताप शाही मंगलवार सुबह सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई। तीनों कृषि कानूनों को किसान के जीवन में खुशहाली लाने वाला बताया। बोले- कृषि कानूनों में कॉन्ट्रैक्ट खेती पर पाबंदी नहीं है। कुछ लोग दुराग्रह और निजी हितों की वजह से किसान आंदोलन के नाम पर भ्रम फैलाने का काम रहे हैं। किसान समझदार हो गया है, इसलिए धीरे-धीरे आंदोलन सिमट रहा है।
पूर्व की सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव कहते थे कि उनका काम बोलता है, लेकिन सीएम योगी का काम दिखाई देता है। सपा सरकार में प्रदेश के अंदर डर और भय का माहौल था। अपहरण, फिरौती, हत्या और बलात्कार को लेकर प्रदेश अव्वल स्थान पर था, लेकिन भाजपा की सरकार आते है प्रदेश से डर का माहौल खत्म हो गया। गुंडे जेल पहुंच गए या फिर उन्हें कहीं और पहुंचा दिया गया।
प्रधानमंत्री ने देश के ऐसे किसानों को उस स्थिति से बाहर निकाला है। पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव पर विपक्ष को घेरते हुए कहा जल्द चुनाव होने जा रहे हैं, इससे अंदाजा हो जाएगा पार्टी किस स्तर पर काम कर रही है। सर्किट हाउस में उनसे भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा, उप निदेशक कृषि अशोक यादव, जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह समेत विभाग के अधिकारियों ने मुलाकात की। समीक्षा करने के बाद बदायूं में आयोजित विराट किसान रैली और उझानी में किसान कल्याण केंद्र की कार्यशाला में शामिल होने रवाना हो गए थे।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार की गिनाई उपलब्धियां
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। बोले- केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सरकारें किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लिए निरंतर काम कर रहीं हैं। उत्तर प्रदेश में पीएम किसान सम्मान निधि योजना में करोड़ों किसानों के खातों में 29 हजार करोड़ से अधिक की धनराशि दी गई है। प्रदेश में एमएसपी के आधार पर 70 वर्षों का रिकार्ड टूट गया है। धान की इस बार रिकार्ड तोड़ खरीद की गई। राज्य के कृषि विकास क्षेत्र की विकास परियोजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी।
