बरेली: ओल्ड गुप्ता कार बाजार के मालिक और बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर की जाने माने ओल्ड गुप्ता कार बाजार के मालिक और उनके बेटे के खिलाफ पुलिस ने जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि बाप-बेटे ने पीड़ित से कार खरीदी थी। कार लेते वक्त आधी से कम रकम उन्हें दे दी। बाकी रकम कई माह बाद भी नहीं दी। पीड़ित …

बरेली, अमृत विचार। शहर की जाने माने ओल्ड गुप्ता कार बाजार के मालिक और उनके बेटे के खिलाफ पुलिस ने जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि बाप-बेटे ने पीड़ित से कार खरीदी थी। कार लेते वक्त आधी से कम रकम उन्हें दे दी। बाकी रकम कई माह बाद भी नहीं दी। पीड़ित ने थाना बारादरी में कई बार शिकायत की, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। एडीजी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

अलीगंज के हैदरगंज निवासी अशरफ खां ने बताया कि सैटेलाइट बस स्टैंड के पास पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित ओल्ड गुप्ता कार बाजार के मालिक नावादा शेखान निवासी राजेश कुमार गुप्ता व उनके बेटे अंशु गुप्ता से 25 अक्टूबर, 2020 को अपनी कार बेचने के लिये संपर्क किया था। उनकी कार का आरोपियों से चार लाख 95 हजार रुपये में सौदा हुआ था। जिसके बाद आरोपी राजेश गुप्ता ने अशरफ के भाई अफसर खां के खाते में दो लाख रुपये भेज दिए। जबकि 2.95 लाख रुपये तीन दिन बाद देने को कहा। पीड़ित उनकी बात पर सहमत हो गया।

अशरफ खां ने बताया कि जब वह 2.95 लाख रुपये लेने के लिए गए तो आरोपियों ने उन्हें एक चेक दिया जो बाउंस हो गया। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने शिकायत की तब आरोपियों ने चौकी इंचार्ज जगतपुर के सामने 22 दिसंबर तक रुपये देने के लिए कहा, लेकिन अब तक आरोपी ने उन्हें रुपये नहीं दिए। अशरफ खां ने बताया कि उन्होंने कई बार बारादरी पुलिस से कहा लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। इसके बाद उसने एडीजी से फरियाद की तब एडीजी ने बारादरी पुलिस को फटकार लगाते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने ओल्ड गुप्ता कार बाजार के मालिक राजेश गुप्ता और उसके बेटे अंशू गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।

पुराना शहर निवासी एक व्यक्ति को बेची कार
अशरफ खां ने बताया कि आरोपी राजेश गुप्ता ने उनकी बोलेरो गाड़ी पुराना शहर निवासी एक व्यक्ति को बेच दी है। हालांकि गाड़ी के दस्तावेज अभी अशरफ खां के नाम पर ही हैं जिस व्यक्ति ने गाड़ी खरीदी है उसने बिजली निगम में कार को लगवा दिया है। वह व्यक्ति 35 हजार रुपये प्रति माह भाड़ा बिजली निगम से लेता है।

अशरफ खां ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान उनके बहनोई का एक्सीडेंट मुजफ्फरनगर में हुआ था। एक्सीडेंट के बाद वह घायल बहनोई को बरेली ले आए। यहां उन्होंने अपने बहनोई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के लिए जब पैसे की कमी पड़ी तो उन्होंने अपनी कार बेची थी लेकिन कार की पूरी कीमत अब तक नहीं मिली है।

एडीजी के आदेश के बाद भी शांत है पुलिस
एडीजी के आदेश के बाद गुप्ता कार बाजार के मालिक राजेश गुप्ता और उसके बेटे अंशू गुप्ता के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली लेकिन कार्रवाई के नाम पर पुलिस पीड़ित को दिलासा दे रही है। अशरफ खां ने बताया कि उनके मामले की जांच एसआई अंकित कुमार कर रहे हैं। उनके कहने पर वह शाम तक बरेली में रुके रहे। आरोप है कि दरोगा अंकित कुमार ने उनका फोन तक नहीं उठाया। मजबूरन वह देर रात अपने गांव वापस चले गए।

आरोपी राजेश गुप्ता और उसके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। -शितांशु शर्मा – इंस्पेक्टर बारादरी

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज