बरेली: पंचायत चुनाव में 17 हजार कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए 17 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। करीब 12 हजार कर्मचारी शिक्षा विभाग से जुड़े हुए हैं। विभिन्न विभागों के भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों की ड्यूटी का चार्ट राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। …

बरेली, अमृत विचार। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए 17 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। करीब 12 हजार कर्मचारी शिक्षा विभाग से जुड़े हुए हैं। विभिन्न विभागों के भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों की ड्यूटी का चार्ट राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। इस व्यवस्था से शिक्षा विभाग के कई कर्मचारियों की नींद उड़ी है।

अभी तक कर्मचारी जुगाड़ लगाकर अपनी ड्यूटी कटवा लेते थे पर इस बार ऐसा नहीं होगा। ड्यूटी कटवाने के लिए राज्य निर्वाचन कार्यालय से अनुमति लेनी पड़ेगी क्योंकि कर्मचारियों के नाम और मोबाइल नंबर भी राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड हैं। जिला सूचना विज्ञान केंद्र से मतदान व मतगणना कार्मिक, पीठासीन अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है।

इधर, राज्य निर्वाचन आयोग के चुनावी अधिसूचना जारी करने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को अधिकारियों ने दिनभर निर्वाचन से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा कराया। इसके साथ ही मतदाता सूची, संवेदनशील, अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस मतदेय केंद्र और बूथों की अपग्रेड सूची तैयार की।

जिले में अधिसूचना जारी, आज से मिलेंगे नामांकन पत्र
जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत नितीश कुमार ने जनपद में भी अधिसूचना जारी कर दी। नामांकन, नामांकन पत्रों की संवीक्षा और उम्मीदवारी वापस लेने और प्रतीक आवंटन की तारीख व समय के साथ मतदान व मतगणना की दिनांक व समय भी जारी कर दिया। उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत अधिनियम 1961 की धारा-264 ख के तहत अधिसूचना जारी की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार निर्वाचन अधिकारी संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों तथा उनके सदस्यों एवं समस्त क्षेत्र पंचायत के सदस्यों और जिला पंचायत के सदस्यों के स्थानों व पदों पर निर्वाचन के लिए प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पूर्ण विवरण देते हुए अपने स्तर से 27 मार्च तक दे दें। विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में मुनादी के जरिये आमजन को जागरूक करने की कार्रवाई करें। निर्वाचन अधिकारी की सूचना जारी किए जाने के दिनांक 27 मार्च से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य के नामांकन पत्रों का विक्रय ब्लॉक खंड दफ्तर से किया जाएगा। यहीं पर नामांकन पत्र दाखिल होंगे।

30 जोन मजिस्ट्रेट, 144 सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे तैनात
अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव में 30 जोनल मजिस्ट्रेट और 144 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती होगी। प्रत्येक ब्लॉक को दो जोन में बांटा गया है। एक रिटर्निंग ऑफीसर के साथ दो सहायक रिटर्निंग ऑफीसर तैनात किए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी तैनात किए जाएंगे। एडीएम सिटी ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पद का नामांकन पत्र कलक्ट्रेट में डीएम कोर्ट रूम में दाखिल किया जाएगा। सीडीओ रिटर्निंग ऑफीसर होंगे। इसके साथ चार सहायक रिटर्निंग ऑफीसर तैनात रहेंगे।

22 जनवरी तक जिले में मतदाताओं की संख्या

विकास खंड पंचायत 2015 के मतदाता अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता

  • क्यारा 44 123866 141289
  • भोजीपुरा 77 137605 159166
  • बिथरी चैनपुर 74 177488 205927
  • बहेड़ी 108 161456 181326
  • शेरगढ़ 89 155946 172517
  • दमखोदा 73 131508 141121
  • फरीदपुर 78 124916 137209
  • भुता 92 153565 167518
  • नवाबगंज 107 182689 203610
  • भदपुरा 79 114172 126361
  • मीरगंज 67 116891 129473
  • फतेहगंज पश्चिमी 67 108689 120999
  • आलमपुर जाफराबाद 92 150876 168507
  • मझगवां 87 156778 172959
  • रामनगर 59 109040 117966
    कुल 1193 2105485 2345948
    नोट- फरवरी, मार्च के पुनरीक्षण कार्य की सूची जारी होने पर मतदाता बढ़ेंगे।

अभी तक जनपद में कुल 19,442 दिव्यांग वोटर
बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में नेत्र, भाषण सुनने, लोकोमोटर, शारीरिक रूप से दिव्यांग महिला-पुरुष 1981 हैं। इसमें शारीरिक दिव्यांगता के अलावा नेत्रों से दिव्यांग 238, भाषण सुनने में दिव्यांग 230, लोकोमोटर दिव्यांग 1511, अन्य दिव्यांग 47 हैं। मीरगंज में 2289, भोजीपुरा में 2372, नवाबगंज में 3238, फरीदपुर में 1653, बिथरी चैनपुर में 1875, बरेली शहर में 2801, बरेली कैंट में 1339, आंवला में 1894 महिला-पुरुष दिव्यांग हैं। जनपद में कुल 19442 दिव्यांग वोटर हैं।

1622 मतदान केंद्र और 3879 मतदान स्थल
जनपद में 1622 मतदान केंद्र और 3879 मतदान स्थल हैं। क्यारा ब्लॉक में 71 मतदान केंद्र और 225 मतदान स्थल, भोजीपुरा में 102 मतदान केंद्र और 263 मतदान स्थल, बिथरी चैनपुर में 120 मतदान केंद्र और 340 मतदान स्थल, बहेड़ी में 137 मतदान केंद्र और 294 मतदान स्थल हो गए। शेरगढ़ में 119 मतदान केंद्र और 279 मतदान स्थल हैं, दमखोदा में 103 मतदान केंद्र, मतदान स्थल 231 हैं। फरीदपुर में 115 मतदान केंद्र और 240 मतदान स्थल, भुता में 116 मतदान केंद्र और 286 मतदान स्थल, नवाबगंज में 133 मतदान केंद्र और मतदान स्थल 335 हैं।

भदपुरा में 87 ही मतदान केंद्र और मतदान स्थल 219 हैं। मीरगंज में 94 मतदान केंद्र और 214 मतदान स्थल, फतेहगंज पश्चिमी में 93 मतदान केंद्र और 204 मतदान स्थल ही हैं। आलमपुर जाफराबाद में 122 मतदान केंद्र और 274 मतदान स्थल, मझगवां में 115 मतदान केंद्र और 287 मतदान स्थल हैं। रामनगर में 95 मतदान केंद्र और 188 मतदान स्थल हैं।

संबंधित समाचार