हल्द्वानी: कलावती कॉलोनी में युवक को पीट-पीट कर मौत के घाट उतारा
हल्द्वानी, अमृत विचार। नवाबी रोड पर कलावती चौराहे के पास देर रात एक व्यवसायी की उसीकी दुकान के बाहर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे बुलेट से भाग निकले। सरेराह हत्या की वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। रात …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नवाबी रोड पर कलावती चौराहे के पास देर रात एक व्यवसायी की उसीकी दुकान के बाहर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे बुलेट से भाग निकले। सरेराह हत्या की वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। रात ढाई बजे तक कलावती चौराहा पुलिस की छावनी बना रहा। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई। पूछताछ के लिए और शक के आधार पर पुलिस ने छह युवकों को उठा लिया। हालांकि 24 घंटे बाद भी हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर रहे।
मल्ला गोरखपुर निवासी भागीरथ (36) पुत्र स्व. त्रिलोचन सुयाल कैटरिंग का काम करते थे। उनकी कलावती चौराहे के पास ऑटो रिपेयरिंग का वर्कशॉप भी है। वर्कशॉप से बमुश्किल 50 मीटर दूर ही आवास है। वर्कशॉप बंद करने के बाद शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच कुछ युवकों ने उन्हें वर्कशॉप के बाहर घेरकर लाठी-डंडों आदि से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में भागीरथ को संभलने का मौका तक नहीं मिला। लहुलुहान व्यवसायी वहीं गिर पड़े।
हमलावर उन्हें मरणासन्न होने तक बेरहमी से पीटते रहे। मौके से गुजर रहे दो युवकों ने लहूलुहान व्यवसायी को उन्हीं की स्कूटी में बिठाकर बेस अस्पताल पहुंचाया। रात 11:40 मिनट पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या का पता चलने पर महकमे में हड़कंप मच गया। व्यवसायी की मौत के बाद शिनाख्त हुई। देर रात साढ़े 12 बजे घरवालों को सूचना दी। इसके बाद एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी, एसपी क्राइम, एसपी सिटी, सीओ सिटी, कोतवाल समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से खून से लथपथ लाठी मिली।
शनिवार सुबह मृतक की पत्नी मीना ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। पता चला कि हत्या से डेढ़ घंटा पहले व्यवसायी की दुकान के बाहर युवकों के दो गुटों में झगड़ा हुआ था। व्यवसायी झगड़ा सुलझाने गए थे।
इधर, पुलिस को मिली फुटेज में हत्या के बाद तीन युवक घटनास्थल से एक बुलेट पर भागते हुए नजर आए। एसएसपी का कहना है कि घटना के खुलासे और हत्यारों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी खंगालने के साथ ही मोबाइल सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है। मृतक की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। जल्द ही हत्यारे पुलिस गिरफ्त में होंगे।
