रुद्रपुर: मौके से फरार हुआ बच्ची पर गोली चलाने का आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
रुद्रपुर, अमृत विचार। बीते दिवस रुद्रपुर के बागवाला में किराए के मकान में रहने वाले एक साढ़े चाल की बच्ची को प्रॉपर्टी कारोबारी ने गोली मार दी थी। गोली बच्ची के होठों पर लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल में जाकर …
रुद्रपुर, अमृत विचार। बीते दिवस रुद्रपुर के बागवाला में किराए के मकान में रहने वाले एक साढ़े चाल की बच्ची को प्रॉपर्टी कारोबारी ने गोली मार दी थी। गोली बच्ची के होठों पर लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल में जाकर बच्ची का हालचाल जाना। बच्ची के फुफेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी की खिलाफ धारा 307 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मझपुर मझिला, बिहार हाल निवासी बागवाला बिगन, प्रॉपर्टी कारोबारी जयचंद जैन के मकान में किराए पर रहकर मजदूरी का कार्य करता है। सोमवार दोपहर बिगन की साढ़े चार साल की बच्ची कंचन अपने भाई-बहनों के साथ घर पर होली खेल रह रही थी। तभी मकान मालिक का बेटा दीपक जैन वहां आया और फर्श पर रंग बिखरा पड़ा देखकर बिफर गया तथा कहने लगा यह क्या गंदगी कर रखी है। जिस पर बिगन की भांजी मोनिका उसे साफ करने लगी। साथ में कंचन भी उसका हाथ बंटाने लगी।
इस दौरान फिर दीपक जैन आया और गाली गलौज करते हुए घर खाली करने की धमकी देने लगा। इस बीच उसने अपनी बगल से रिवाल्वर निकालकर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जिसमे से एक गोली का खोखा उछलकर बिगन के भांजे रामजी साहनी को लगा तथा एक गोली कंचन के होठो पर जाकर लगी। जिससे उसका होंठ नीचे लटक गया।
यह देख मौके से दीपक जैन फरार हो गया। उधर घायल कंचन को परिजन जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी ली। साथ ही एसपी सिटी ममता वोहरा, सीओ सिटी अमित कुमार एवं कोतवाल एनएन पंत ने जिला अस्पताल जाकर बच्ची का हालचाल भी जाना। मामले में बच्ची के फुफेरे भाई रामजी सहनी ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। जिस पर पुलिस ने दीपक जैन के खिलाफ धारा 307 व 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। दोषी को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीम गठित
बच्ची पर गोली चलाने वाले आरोपी दीपक जैन को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह पर दबिश दी। पुलिस ने इसके लिए कई टीम का गठन किया है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी दीपक जैन को पकड़ने के लिए तीन टीम बनाई गई है। जो उसके संभावित ठिकानो पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
बंदूक का होगा लाइसेंस निरस्त
वर्ष 2010 में एक होटल व्यवसायी पर गोली चलाने के मामले में आरोपी का रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था। सोमवार को आरोपी ने दोबारा रिवाल्वर से बच्ची पर गोली दाग दी। बताया जा रहा है कि वर्तमान में उसके पिता व भाई के पास लाइसेंसी रिवाल्वर है और उसी से फायरिंग की गई। जिसकी जांच पुलिस करने में जुट गई है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि लाइसेंसी रिवाल्वर की जांच की जा रही है। जिसके बाद रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी।
अपराधी की जमानत होगी निरस्त
होटल व्यवसायी पर गोली चलाने के मामले में आरोपी जमानत पर चल रहा है। लेकिन सोमवार को आवेश में आकर आरोपी ने दोबारा वैसी ही घटना को अंजाम दे दिया। जिसके बाद पुलिस उसकी जमानत निरस्त करने की कार्यवाही करेगी। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी को जमानत निरस्त करने की कार्यवाही की जा रही है।
