अल्मोड़ा: स्वास्थ्य सेवायें बेहतर करने को जिले में नियुक्त किए गए 23 नए डॉक्टर
अल्मोड़ा, अमृत विचार। चिकित्सा विभाग ने अल्मोड़ा जिले में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर तैनाती के लिए 23 नए डॉक्टर अल्मोड़ा भेजे हैं। इन चिकित्सकों ने सीएमओ कार्यालय में तैनाती ले ली है। इन्हें अब जल्द ही जिले के दूरस्थ इलाकों में स्थित अस्पतालों में तैनाती दी जाएगी। जिले में मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र के …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। चिकित्सा विभाग ने अल्मोड़ा जिले में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर तैनाती के लिए 23 नए डॉक्टर अल्मोड़ा भेजे हैं। इन चिकित्सकों ने सीएमओ कार्यालय में तैनाती ले ली है। इन्हें अब जल्द ही जिले के दूरस्थ इलाकों में स्थित अस्पतालों में तैनाती दी जाएगी।
जिले में मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी चल रही है। लेकिन नए सत्र में चिकित्सकों की तैनाती के बाद अब समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सविता हयांकी ने बताया है कि चिकित्सकों की कमी के कारण कई अस्पतालों में रोगियों को उपचार देने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब 23 नए डॉक्टर मिल जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।
हयांकी ने बताया है कि हालांकि नए चिकित्सक अपने पसंदीदा स्थानों पर जाना चाह रहे हैं, लेकिन विभाग चिकित्सकों की तैनाती ऐसे अस्पतालों में करेगा, जहां लंबे समय से चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तो उपलब्ध होंगी ही। इसके साथ ही लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को भी पूरा किया जा सकेगा। सीएमओ ने बताया कि सभी चिकित्सकों को जल्द ही अस्पतालों का आवंटन कर दिया जाएगा।
