कुशीनगर: अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत
कुशीनगर, अमृत विचार। कुशीनगर में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। सोमवार को होली के दिन दो की जबकि दो लोगों की मंगलवार को हादसों में मौत हुई है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा- 1 हाटा कोतवाली …
कुशीनगर, अमृत विचार। कुशीनगर में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। सोमवार को होली के दिन दो की जबकि दो लोगों की मंगलवार को हादसों में मौत हुई है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा- 1
हाटा कोतवाली क्षेत्र में होली के दिन मुजहना हेतिम टोल प्लाजा के पास गोरखपुर की ओर से आ रही बोलेरो एक डीसीएम में पीछे से टकरा गई। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे डीसीएम के अनियंत्रित होने के कारण पीछे चल रही बोलेरो उससे टकरा गई। इस हादसे बोलेरो सवार इब्रान उम्र(17) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोगों को चोटें आईं है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा- 2
हाटा कोतवाली क्षेत्र के ही देवतहा गांव के रहने वाले कन्हैया(27) फोरलेन पर पगरा के पास एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारी थे। होली के दिन वह दोपहर के समय बाइक से हाटा केन यूनियन चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि एक ट्रक की टक्कर के बाद उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा- 3
तीसरा हादसा मंगलवार की सुबह 10 बजे हुआ, जिसमें हाटा नगरपालिका क्षेत्र के धरमौली के रहने वाले 20 वर्षीय विरेंद्र की मौत हो गई। वह चौरी-चौरा से बाइक से अपने घर आ रहा था। पैकौली गांव के सामने किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा- 4
पडरौना कोतवाली क्षेत्र में पडरौना में बलुचहा से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई और पुल से सटे चाय की दुकान पर बैठे 55 वर्षीय बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि दुकानदार का पैर टूट गया। पुलिस चालक को नशे की हालत थाने ले गयी। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
