रामपुर: कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी से साढ़े तीन एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख
रामपुर, अमृत विचार। कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी से ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लोगों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन, तेज हवा के चलते आग भड़कती रही। इसके अलावा थाना सिविल लाइंस के लक्ष्मीनगर में एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सैजनी नानकार …
रामपुर, अमृत विचार। कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी से ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लोगों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन, तेज हवा के चलते आग भड़कती रही। इसके अलावा थाना सिविल लाइंस के लक्ष्मीनगर में एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सैजनी नानकार में झाड़ियों एवं पेड़ों में लगी आग को फायर ब्रिगेड ने बुझाया।
शहीद ए आजम स्पोटर्स स्टेडियम बमनपुरी के निकट अमीर शाह खां निवासी बिलासपुर गेट के ढाई एकड़ गेहूं की फसल में आग लग जाने के कारण फसल जलकर राख हो गई। बमनपुरी के निकट कूड़ा पड़ता है जहां आग सुलगती रहती है। पिछले दिनों बमनपुरी में कूड़े के ढेर में आग बुझाए जाने की मांग भाकियू युवा के प्रदेशाध्यक्ष उस्मान अली पाशा ने ज्ञापन सौंपकर कूड़े की आग बुझाए जाने की मांग की थी।
प्रशासन ने कूड़े पर पानी की बौछारे कराकर आग बुझवा दी थी। लेकिन, कूड़े के भीतर चिंगारी सुलगती रही। बुधवार को अपराह्न में तेज हवा चलने के बाद चिंगारी गेहूं के खेत में पहुंच गई। जिससे खेत में खड़ी गेहूं की फसल धूं-धूं कर जलने लगी। लोगों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। लेकिन, दमकल की गाड़ियां काफी विलंब से पहुंची। इस बीच लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन, तेज हवा चलने के कारण आग बुझाने के बावजूद भड़कती रही। दमकल के पहुंचने तक ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
इसके अलावा थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के लक्ष्मीनगर में एक एकड़ गेहूं के खेत में चिंगारी से लगी आग के कारण पूरा खेत में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। सैजनी नानकार में झाड़ियों और पेड़ों में लगी आग को फायर ब्रिगेड ने बुझाया।
रामपुर सीएफओ अंकुश मित्तल ने कहा कि बमनपुरी और ज्वालानगर के लक्ष्मीनगर में गेहूं की फसल में चिंगारी के कारण आग लग गई थी। इसके अलावा सैजनी नानकार में झाड़ियों और पेड़ों में लगी आग को फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर बुझा दिया।
