अयोध्या: निवर्तमान प्रधान में बांटी जहरीली शराब, दो की मौत, छह बीमार
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के गोसाईगंज कोतवाली इलाके में पंचायत चुनाव में वोट बटोरने के चक्कर में निवर्तमान प्रधान द्वारा बांटी गयी जहरीली शराब ने दो लोगो की जान ले ली। वहीं आधा दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक़ कोतवाली इलाके के …
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के गोसाईगंज कोतवाली इलाके में पंचायत चुनाव में वोट बटोरने के चक्कर में निवर्तमान प्रधान द्वारा बांटी गयी जहरीली शराब ने दो लोगो की जान ले ली। वहीं आधा दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक़ कोतवाली इलाके के त्रिलोकपुर दफ्फरपुर गांव में होली के दिन वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए निवर्तमान प्रधान राजनाथ वर्मा ने गांव में पार्टी दी। जिसमें मछली और जमकर शराब भी बांटी गयी थी। गांव के लोगों ने भी जमकर मछली खाई और शराब पी।
शराब पीने के कुछ देर बाद लोगो की तबियत खराब होने लगी और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। कुछ लोगो को आंखों के सामने अंधेरा भी छाने लगा। यह मंजर देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों को अम्बेडकरनगर तो कुछ लोगों को अयोध्या जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। बुधवार को वीरेंद्र वर्मा पुत्र रामबुझारत वर्मा की मौत हो गयी और देर रात्रि में धर्मेन्द्र पुत्र मोतीलाल की भी मौत हो गयी। वहीं लालबहादुर, राजेश, जयश्री, रामसुभावन वर्मा का इलाज अभी भी चल रहा है। जिनमें से लालबहादुर और राजेश की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दो लोगों की मौत से पूरे गांव में चीत्कार मच गया और गांव वाले आक्रोशित हो गये। मामले की जानकारी होते ही डीएम अनुजकुमार झा, एसएसपी शैलेश कुमार पांडे, एसपीआरए एसके सिंह, एसडीएम सदर ज्योति सिंह, सीओ सदर आरके चतुर्वेदी ने पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर कोतवाली पुलिस को दोषियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। फिलहाल शराब कहां से खरीदी गयी इसका अभी पता नही चल सका है। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
